Hostel trespass case: FIR filed against Ujjain Ratre, who claimed to be MLA representative, and alleged journalist Darikant Ratnesh
सरसीवां। ग्राम धोबनी स्थित शासकीय प्री-मैट्रिक अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास में जबरन प्रवेश और अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। इस संबंध में अधीक्षिका श्रीमती गायत्री टंडन ने शिकायत दर्ज कराई, जिस पर थाना सरसीवां पुलिस ने बी.एन.एस. की धारा 329(4), 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
शिकायत का विवरण
शिकायत के अनुसार, 17 सितंबर 2025 को अधीक्षिका कार्यालयीय कार्य से सारंगढ़ गई हुई थीं। इसी दौरान उज्जैन रात्रे पिता रम्या रात्रे, जो खुद को विधायक प्रतिनिधि बताते हैं, तथा दरीकांत रत्नेश पिता मनबोध रत्नेश, जो खुद को आइमा मीडिया न्यूज चैनल का संवाददाता बताते हैं, अपने साथी दिलकुमार अजय पिता यादराम के साथ छात्रावास पहुंचे।
महिला कर्मचारी ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन कथित रूप से वे जबरन छात्रावास में घुस गए और निरीक्षण करने लगे। शिकायत में दर्ज है कि दोनों ने छात्रावास के कमरों का वीडियो बनाया और अधीक्षिका के लौटने पर पैसे और चावल की मांग की।
मीडिया और राजनीतिक रसूख का दुरुपयोग?
अधीक्षिका का आरोप है कि मांग पूरी न होने पर दरीकांत रत्नेश द्वारा संचालित यूट्यूब चैनल पर छात्रावास से संबंधित भ्रामक समाचार चलाए गए। उनका कहना है कि खुद को विधायक प्रतिनिधि और पत्रकार बताकर आरोपियों ने दबाव बनाने की कोशिश की।
जांच जारी
चौकी बेलादुला से आरक्षक राजकुमार साहू ने रिपोर्ट थाना सरसीवां लाकर प्रस्तुत की। पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, घटना की जांच साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर की जाएगी और दोष सिद्ध होने पर कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन को सूचना
अधीक्षिका द्वारा प्रस्तुत आवेदन की प्रतिलिपि कलेक्टर, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग और ग्राम पंचायत सरपंच को भी भेजी गई है।



