District level programme on International Day of Older Persons on October 1
उत्तर बस्तर कांकेर, 27 सितंबर 2025/ प्रतिवर्षानुसार इस साल भी समाज कल्याण विभाग द्वारा अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत जिला स्तरीय आयोजन आगामी 01 अक्टूबर को सुबह 11 बजे शासकीय नरहरदेव स्कूल परिसर डोम स्थल, कांकेर में किया जाएगा। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान एवं स्वास्थ्य परीक्षण सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आदेश जारी कर जिम्मेदारियां सौंपी हैं। जारी आदेश के अनुसार पुलिस विभाग कार्यक्रम स्थल पर यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करेगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से चिकित्सकों की टीम उपलब्ध कराई जाएगी, जो वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार करेगी। समाज कल्याण विभाग भोजन, टेंट, शाल, श्रीफल, पुष्पमाला आदि सम्मान सामग्री की व्यवस्था करेगा।
इसके अलावा, जनपद पंचायत कांकेर एवं नरहरपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को ग्राम पंचायतों के 60 से 70 वर्ष आयु वर्ग के वरिष्ठ नागरिकों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है। नगर पालिका कांकेर कार्यक्रम स्थल पर पानी टैंकर की व्यवस्था करेगी तथा शहरी क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करेगी।
इसी तरह शिक्षा विभाग, एनएसएस एवं एनसीसी के छात्र-छात्राएं वालंटियर के रूप में सहयोग प्रदान करेंगे। कार्यक्रम स्थल शासकीय नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कांकेर द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा।
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस का यह आयोजन जिले के वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, स्वास्थ्य सुरक्षा और सामाजिक सहभागिता को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होगी।



