Approval proceedings for Village Action Plan in special Gram Sabha under Adi Karmayogi Abhiyan
उतर बस्तर कांकेर 03 अक्टूबर 2025/ गांधी जयंती के अवसर पर 02 अक्टूबर को ग्रामों में विशेष ग्राम सभा आयोजन कर ग्रामसभा में तैयार किये गए विलेज एक्शन प्लान पर चर्चा एवं अनुमोदन की कार्यवाही की गई। विशेष ग्राम सभा में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा आदि कर्मयोगी अभियान पर ग्रामों को प्रेषित की जाने वाली पाती का वाचन किया गया, साथ ही आदि सहयोगी, आदि साथी एवं ग्राम सभा के सभी सदस्यों एवं अन्य सहभागियों द्वारा अपने ग्राम को विकसित करने के लिए शपथ ली गई।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 02 अक्टूबर 2024 को धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का शुभारंभ किया गया था, जिसका उद्देश्य अनुसूचित जनजातियों के विकास एवं कल्याण से जुड़े हुए प्रमुख योजनाओं की संतृप्ति सुनिश्चित करना है। इसी कड़ी में भारत सरकार, जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा 10 जुलाई 2025 को “आदि कर्मयोगी अभियान” का शुभारंभ किया गया है। यह अभियान बहु-विभागीय समन्वय और सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से लागू किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत कांकेर जिले के 552 जनजातीय बाहुल्य ग्राम शामिल है, जिनमें आदि सेवा केन्द्रों की स्थापना की जा रही है। कांकेर विकासखण्ड में 44, चारामा में 46, नरहरपुर में 73, भानुप्रतापपुर में 55, दुर्गूकोंदल में 128, अंतागढ़ में 44 और कोयलीबेड़ा विकासखण्ड में 162 ग्रामों में आदि सेवा केन्द्रों की स्थापना किया जा रहा है। आदि सेवा केन्द्रों में सभी विभागों की शासकीय योजनाओं को दर्शाया जायेगा तथा समस्याओं का निदान, शिकायत निवारण एवं विभिन्न सेवाओं जैसे-आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, वन अधिकार पत्र, भू-अभिलेख आदि की प्रदायगी सुनिश्चित किया जाएगा।



