धोबनी – ग्राम धोबनी में इस वर्ष दशहरा उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। गायत्री मंदिर चौक से रथ और डीजे के साथ श्रीराम, लक्ष्मण और सीता की भव्य जुलूस यात्रा निकाली गई। यह यात्रा विद्या चौक होते हुए पूरे गांव में गानों की गूंज और जय श्रीराम के नारों के साथ आगे बढ़ी।
रावण दहन स्थल पर पहुंचकर प्रभु श्रीराम द्वारा रावण का प्रतीकात्मक वध किया गया, जिसके साथ ही पूरा वातावरण जयकारों से गूंज उठा। गांव के सभी गणमान्य नागरिक, युवक-युवतियां और बच्चे इस आयोजन में बड़ी संख्या में शामिल हुए।
रात्रि कालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम में “सुधा स्वर संगम लोक कला मंच” के कलाकारों ने शानदार प्रस्तुति देकर समा बांध दिया। उनके गीत-संगीत और नृत्य कार्यक्रमों ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
पूरे धोबनी गांव में दशहरा उत्सव को लेकर अपार उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।



