All government offices must work through e-office: Collector
समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने की लंबित कार्यों की समीक्षा
उतर बस्तर कांकेर 07 अक्टूबर 2025/ कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने आज समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों में लंबित एवं अपूर्ण कार्यों की समीक्षा करते हुए उनका निराकरण शीघ्रता से करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। बैठक में कलेक्टर ने सभी शासकीय कार्यालयों में फाइलों का मूवमेंट ई-ऑफिस के माध्यम से अनिवार्य रूप से करने हेतु सभी अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशानुसार अब से सभी कार्यालयों में ई-ऑफिस के ऑनबोर्डिंग के जरिए ही ऑटोमेशन किया जाना है। इसके लिए सभी जिला स्तरीय कार्यालयों एवं अधीनस्थ कार्यालयों को व्हीपीएन जारी किया जा चुका है। इस दौरान उन्होंने विभिन्न एजेण्डों पर चर्चा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आज सुबह 10.30 आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन विभागों में एक से अधिक बैंक खाते संचालित हैं उन्हें बंद कराकर एक ही खाते में विभिन्न योजनाओं के तहत आबंटित राशि को जमा कराएं। इसके अलावा कलेक्टर ने एग्रीस्टैक पोर्टल में किसानों का पंजीयन और गिरदावरी की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। आगामी 12 अक्टूबर को मुख्यमंत्री द्वारा ली जाने वाली कलेक्टर कॉन्फ्रेंस की तैयारियों को लेकर उन्होंने एजेण्डावार समीक्षा करते हुए इस सप्ताह के अंत तक अभियानपूर्वक लंबित प्रकरणों में तेजी लाने और ऑनलाइन एंट्री पूर्ण करने के निर्देश दिए। विशेष तौर पर राजस्व विभाग के प्रकरणों को जल्द से जल्द निराकृत करने हेतु सभी अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके अलावा उन्होंने एलडब्ल्यूई सर्वे, नियद नेल्लानार योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, अटल डिजिटल सेवा केन्द्र, पोषण पुनर्वास केन्द्र, राष्ट्रीय सिकल सेल्स उन्मूलन कार्यक्रम, जन औषधि केन्द्र, पीएम जनमन, मातृ वंदना सहित केन्द्र एवं राज्य शासन द्वारा संचालित विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं की प्रगति की विषयवार समीक्षा की। साथ ही कलेक्टर ने आगामी धान खरीदी के संबंध में तैयारियों को लेकर खाद्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में डीएफओ भानुप्रतापपुर श्री हेमचंद पहारे, जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर द्वय श्री जितेन्द्र कुमार कुर्रे एवं श्री ए.एस. पैकरा सहित सभी अनुविभागीय अधिकारी और जिला स्तर के अधिकारीगण मौजूद थे।



