Various programs organized on Wildlife Conservation Week at Swami Atmanand School, Lormi
मुंगेली जिला से हरजीत भास्कर की रिपोर्ट
मुंगेली -लोरमी-– लोरमी वन विभाग के तत्वावधान में वन्य प्राणी संरक्षण सप्ताह के अवसर पर स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, लोरमी में विविध जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वन्य प्राणियों के संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम के दौरान रैली, रंगोली, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के माध्यम से बच्चों ने “वन्य प्राणी हमारी धरोहर हैं” तथा “प्रकृति का संतुलन, वन्य प्राणी संरक्षण” जैसे नारों से जनजागरूकता का संदेश दिया। रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सुंदर रंगों के माध्यम से वन्य प्राणियों और प्रकृति का आकर्षक चित्रण किया, वहीं निबंध और भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने वन्य प्राणी संरक्षण के महत्व पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों और वन विभाग के अधिकारियों ने बच्चों को वन्य प्राणी संरक्षण से जुड़ी उपयोगी जानकारी दी तथा उन्हें अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के समापन पर विजेताओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालय प्राचार्य एवं वन विभाग के अधिकारियों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ बच्चों में प्रकृति एवं वन्य जीवों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करती हैं यह आयोजन वनमंडलाधिकारी अभिनव कुमार के मार्गदर्शन में तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी क्रिस्टोफर कुजूर एवं अन्य वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग से संपन्न हुआ।



