DAV MMMPS Kothari organizes “Run for DAV” event – spreads the message of fitness and unity
मुंगेली जिला से हरजीत भास्कर की रिपोर्ट
लोरमी (मुंगेली)। गांधी जयंती के उपलक्ष में डी.ए.वी एम.एम.एम.पी.एस. कोतरी, लोरमी में “Run for DAV” कार्यक्रम का आयोजन बड़े उत्साह और जोश के साथ किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों में फिटनेस, एकता और राष्ट्रीय भावना को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाचार्य समीर मंडन के प्रेरणादायक उद्बोधन से हुई। मुख्य अतिथि विद्याचंद चंद्राकर (सभापति, जनपद सदस्य) ने अपने संबोधन में शिक्षा और स्वास्थ्य को जीवन का आधार बताते हुए विद्यार्थियों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि अमरनाथ सोनकर, सरपंच ग्राम पंचायत पीपरखुटी, ने बच्चों को नियमित व्यायाम करने और “फिट इंडिया, हिट इंडिया” के संकल्प को आत्मसात करने की प्रेरणा दी।
विद्यालय प्रांगण से प्रारंभ हुई दो किलोमीटर की इस दौड़ में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने एक साथ भाग लिया। प्रतिभागियों ने गांधीजी के जीवन मूल्यों से प्रेरणा लेते हुए संदेश दिया कि — “स्वस्थ तन ही स्वस्थ मन का आधार है।”
कार्यक्रम में छात्रों में गजब का उत्साह देखने को मिला। सभी ने “Run for DAV is celebrating all the corners of India” की भावना को जीवंत करते हुए भारतीय संस्कृति की विविधता में एकता का सम्मान किया।
प्रतियोगिता में मिहिर कश्यप और रूपेश मरकाम ने प्रथम स्थान, भूपेंद्र ने द्वितीय स्थान तथा नवीन यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों द्वारा विजेताओं को पदक और ट्रॉफी प्रदान की गई तथा सभी प्रतिभागियों के उत्साह और मेहनत की सराहना की गई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकगण, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी, अभिभावकगण एवं विद्यार्थियों का विशेष योगदान रहा।



