Home छत्तीसगढ़ शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम रायगढ़ में फटाखा दुकानों में नियमों की...

शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम रायगढ़ में फटाखा दुकानों में नियमों की उड़ान! क्या किसी अप्रिय हादसे का इंतज़ार?

0

 गाइडलाइन की अनदेखी: 3 फिट का अंतर गायब, सुरक्षा इंतज़ाम अधूरे, प्रशासन ने शाम 4 बजे तक सुधार के दिए निर्देश

Ro.No - 13672/156

संदीप सिंह/ रायगढ़। त्योहारी रौनक के बीच सुरक्षा नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम रायगढ़ में लगी फटाखा दुकानों में सुरक्षा गाइडलाइन का पालन नहीं किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि नियमों के अनुसार, एक दुकान से दूसरी दुकान के बीच 3 फिट की दूरी अनिवार्य है, लेकिन किसी भी दुकान में यह अंतर नहीं रखा गया है। त्योहार खुशियों का प्रतीक है, लेकिन सुरक्षा की अनदेखी से यह खुशियां हादसे में बदल सकती हैं। प्रशासन और फटाखा विक्रेताओं दोनों को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी ताकि रोशनी का यह पर्व सुरक्षित और शांतिपूर्ण रहे।

रायगढ़ फूटकर फटाखा व्यापारी कल्याण संघ के द्वारा दुकानों की व्यवस्था की जाती है। संघ के अध्यक्ष साजू खान ने स्वीकार किया कि “दुकानों में खामियां हैं, जिन्हें ठीक कराने के लिए टेंट वालों से चर्चा की जाएगी।” लेकिन जब 3 दिन से दुकान संचालित है और अब तक गाइड लाइन का पालन नहीं किया गया है।

 16 अक्टूबर से शुरू हुईं दुकानें, सुरक्षा इंतज़ाम अभी तक अधूरे

स्टेडियम परिसर में लगभग 110 दुकानें संचालित हो रही हैं। तीन दिन गुजर जाने के बाद भी अधिकांश दुकानदारों ने पर्याप्त सुरक्षा इंतज़ाम नहीं किए हैं। फायर बिग्रेड के लिए भी अलग से कोई स्टाल नहीं बनाया गया है। दुकानों में रखे बालू की मात्रा कम है, और जो रखी गई है वह गिली रेत है, जबकि सूखी रेत आवश्यक है।

फायर टीम ने निरीक्षण में पकड़ी कमियां

होम गार्ड कमांडेंट और फायर ऑफिसर अनिल वैद्य की टीम ने शनिवार को स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई गंभीर खामियां सामने आईं।दुकानों के बीच 3 फिट का गैप नहीं, टीन शेड के बाहर पटाखों की बिक्री, कम मात्रा में रेत, कुछ दुकानों में फायर सिलेंडर रिफिलिंग के लिए गया हुआ पाया गया। फायर ऑफिसर अनिल वैद्य ने बताया, “निरीक्षण में कई अनियमितताएं मिली हैं। दुकानदारों को शाम 4 बजे तक व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी गई है, जिसके बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।”

 9 दुकानों में विशेष लापरवाही, हादसे की आशंका

निरीक्षण के दौरान 9 दुकानों में गंभीर खामियां मिलीं कहीं रेत नहीं थी, तो कहीं सुरक्षा सिलेंडर नहीं थे। इन दुकानों को प्राथमिकता से सुधारने के निर्देश दिए गए हैं।

त्योहारी भीड़ और लापरवाही: प्रशासन के लिए चेतावनी का संकेत

धनतेरस और दीपावली के मद्देनज़र आने वाले दिनों में फटाखा दुकानों पर भीड़ बढ़नी तय है। ऐसे में गाइडलाइन की अनदेखी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। प्रशासन को चाहिए कि वह समय रहते सख्त कदम उठाए और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here