Furnishing blast at NRVS plant in Taraimal; three workers injured, one critical
ब्लास्ट फर्नेस फटने से फैली आग की लपटें, प्लांट में अफरा-तफरी का माहौल; गंभीर घायल को रायपुर रेफर
रायगढ़। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र अंतर्गत तराईमाल स्थित NRVS प्लांट में देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। प्लांट के फर्निश सेक्शन में जोरदार ब्लास्ट हुआ, जिसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। हादसे में तीन मजदूर झुलस गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से झुलसे मजदूर को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है, जबकि दो अन्य मजदूरों को सामान्य चोटें आई हैं।
ब्लास्ट फर्नेस फटा, दूर-दूर तक दिखीं आग की लपटें
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ब्लास्ट के बाद फर्नेस फट गया और अचानक आग की तेज लपटें चारों ओर फैल गईं। आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि उन्हें प्लांट परिसर से बाहर तक देखा जा सकता था। हादसे के बाद प्लांट में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घायलों को जिंदल फोर्टिस अस्पताल में कराया भर्ती
घटना के बाद घायल मजदूरों को स्थानीय कर्मचारियों और सुरक्षा टीम की मदद से जिंदल फोर्टिस अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्रारंभिक उपचार के बाद बताया कि एक मजदूर की हालत गंभीर है और उसे रायपुर रेफर कर दिया गया है। शेष दो मजदूरों को सामान्य उपचार दिया जा रहा है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पूंजीपथरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
थाना प्रभारी राकेश मिश्रा ने बताया “उपचार जारी है। जांच जारी है। वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।”
पुलिस ने प्लांट प्रबंधन से प्रारंभिक जानकारी ली है और फर्निश ब्लास्ट के कारणों की जांच कर रही है।
सवालों के घेरे में प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, प्लांट में सुरक्षा मानकों और रखरखाव को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। तराईमाल के NRVS प्लांट में हुआ यह हादसा जिले में औद्योगिक सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि ब्लास्ट तकनीकी खराबी, लापरवाही या सुरक्षा मानक उल्लंघन की वजह से हुआ।



