उत्तर बस्तर कांकेर, 19 फरवरी 2024/जिला प्रशासन द्वारा अधिक से अधिक युवाओं को इंडियन आर्मी, नेवी और एयरफोर्स की भर्ती हेतु आवेदन करने में सहयोग के लिए प्रत्येक विकासखण्ड में कार्यालय खण्ड स्त्रोत समन्वयक को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि अधिक से अधिक युवाओं से फार्म भरवाने के लिए जिले के अंतागढ़, चारामा, नरहरपुर, दुर्गूकोंदल, कांकेर कोयलीबेड़ा और भानुप्रतापपुर विकासखण्ड मुख्यालय के कार्यालय खण्ड स्त्रोत समन्वयकों में सेंटर बनाया गया है, जहां अग्निवीर भर्ती के लिए युवाओं का फार्म भरने आवश्यक सहयोग किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में जितने फार्म भराये जायेंगे, उसकी दस प्रतिशत सीटों में संबंधित राज्य से अग्निवीरों की भर्ती की जायेगी। जिले के समस्त युवा जो अग्निवीर हेतु निर्धारित अर्हताएं रखते हैं, वे अपने विकासखण्ड मुख्यालय के खण्ड स्त्रोत समन्वयक कार्यालय में सुबह 10.30 बजे से अपना फार्म भरवा सकते हैं।



