बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – कलेक्टर समित मिश्रा के सख्त निर्देश और जिला पंचायत सीईओ नम्रता चौबे की सतत समीक्षा बैठकों के बाद अब जनपद पंचायत बीजापुर का अमला पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जनपद पंचायत बीजापुर के सीईओ पी.आर. साहू के नेतृत्व में आवास समन्वयक धर्मेंद्र गवेल, तकनीकी समन्वयक आसमा तथा आवास नोडल अधिकारी मेघराज वटटी ने आज ग्राम पंचायत चिन्नाकवाली एवं कंदुलनार में 100 से अधिक हितग्राहियों के घर-घर पहुंचकर चर्चा की।
सीईओ साहू ने हितग्राहियों को समझाइश दी कि जो आवास अप्रारंभ या बंद पड़े हैं, उन्हें तत्काल प्रारंभ किया जाए, अन्यथा ऐसे आवास निरस्त कर जारी राशि की वसूली की जाएगी और यह राशि अन्य जरूरतमंद परिवारों को स्वीकृत की जाएगी।
भ्रमण के दौरान ग्राम पंचायत चिन्नाकवाली की सरपंच संगीता यालम एवं सचिव लोकेश मुनीर को हितग्राहियों को निर्माण सामग्री उपलब्ध कराने में सहयोग करने के निर्देश दिए गए। वहीं ग्राम पंचायत कंदुलनार के सरपंच सुरेश वाचम और सचिव रागिनी देवांगन ने बताया कि ग्राम में रेत की कमी है तथा लगभग 20 से 25 हितग्राहियों के निर्माण स्थल तक रास्ते में खड़ी फसल के कारण सामग्री नहीं पहुंच पा रही है।
सीईओ साहू ने स्थल निरीक्षण के बाद निर्देश दिए कि जिन स्थानों तक निर्माण सामग्री पहुंचाई जा सकती है, वहां तुरंत कार्य प्रारंभ कराया जाए। हितग्राहियों और पंचायत प्रतिनिधियों ने भरोसा दिलाया कि आगामी दिनों में आवास निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाएगी।



