बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – नगर के महादेव तालाब में आज सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बीजापुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और नगर सेना की रेस्क्यू टीम की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला गया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान विजयनगर निवासी श्यामू के रूप में की जा रही है, जो जंगल से लकड़ी या अन्य काम करके रोजमर्रा की जिंदगी चलाता था। शव महादेव तालाब के पास स्थित गंगालूर रोड से लगभग 50 से 60 मीटर दूर मेड के नीचे पानी से बरामद हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शव दिखाई देने पर लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। पूरी पहचान भी जांच के बाद ही क्लियर होगा ।



