Block level Bastar Olympics inaugurated with great enthusiasm in Bijapur
बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – विकासखंड बीजापुर में बस्तर ओलंपिक 2025 का शुभारंभ बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय माहौल में किया गया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों, शिक्षकों, कोचों, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए बस्तर ओलंपिक को बस्तर अंचल की पहचान बताया।
बस्तर ओलंपिक का उद्देश्य बस्तर संभाग के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ना, उनकी खेल एवं सांस्कृतिक प्रतिभा को निखारना और ग्रामीण अंचलों में खेलों के प्रति नई ऊर्जा भरना है। इस आयोजन के माध्यम से शासन की योजनाओं से जनता को प्रत्यक्ष रूप से जोड़ा जा रहा है।
इस प्रतियोगिता में एथलेटिक्स (100 मी., 200 मी., 400 मी. दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो, 4×100 मी. रिले रेस), तीरंदाजी, फुटबॉल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, कराते, वॉलीबॉल, रस्साकसी, हॉकी और वेट लिफ्टिंग जैसे खेल शामिल किए गए हैं।
प्रतियोगिताएं दो वर्गों जूनियर वर्ग (14 से 17 वर्ष) और सीनियर वर्ग (महिला-पुरुष) में आयोजित की जा रही हैं। विकासखंड स्तर पर चयनित खिलाड़ी आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे।
खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। आयोजन स्थल पर जोश और उत्साह का माहौल देखने लायक रहा, जहां युवा खिलाड़ी पूरे मनोयोग से अपने-अपने खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।



