Home Blog नेशनल पार्क में दिनभर चली मुठभेड़ — 6 माओवादी ढेर, ऑटोमैटिक हथियार...

नेशनल पार्क में दिनभर चली मुठभेड़ — 6 माओवादी ढेर, ऑटोमैटिक हथियार बरामद

0

एक घायल नक्सली हिरासत में, सुरक्षा बलों का सर्च अभियान जारी

बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – दक्षिण बस्तर के बीजापुर जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में मंगलवार को सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच दिनभर चली मुठभेड़ में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बताया कि इस मुठभेड़ में अब तक 6 माओवादी मारे जा चुके हैं। घटनास्थल से ऑटोमैटिक हथियार, विस्फोटक सामग्री और अन्य नक्सली सामग्री बरामद की गई है।

Ro.No - 13672/156

मिली जानकारी के अनुसार, बीजापुर, दंतेवाड़ा डीआरजी और एसटीएफ की संयुक्त टीमों ने सुबह करीब 10 बजे नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान माओवादियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग की, जिसका जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। दोपहर से लेकर देर शाम तक रुक-रुक कर फायरिंग जारी रही।

मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों में मड्डेड़ एरिया कमेटी का इंचार्ज बुच्चना और मोस्ट वांटेड नक्सली कमांडर पापा राव की पत्नी उर्मिला शामिल बताई जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दक्षिण बस्तर में सक्रिय मड्डेड़ एरिया कमेटी, जो अब तक माओवादियों की सबसे सशक्त इकाई मानी जाती थी, इस मुठभेड़ के बाद लगभग समाप्तप्राय हो गई है।

पुलिस महानिरीक्षक (बस्तर रेंज) सुन्दरराज पी. ने कहा कि “आज की इस कार्रवाई में 6 कुख्यात माओवादी कैडर मारे गए हैं, जो सुरक्षा बलों के लिए एक निर्णायक सफलता है। यह उस समय प्राप्त हुई है जब माओवादी संगठन नेतृत्वविहीन और मनोबलहीन अवस्था में है।”

सर्च ऑपरेशन जारी, घायल नक्सली गिरफ्तार
इधर, बीजापुर के तारलागुड़ क्षेत्र में अन्नाराम के जंगलों में हुई एक अन्य मुठभेड़ में पुलिस ने एक घायल माओवादी को हिरासत में लिया है, जिसका उपचार और पूछताछ जारी है। क्षेत्र में सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।

हथियार बरामद

मुठभेड़ स्थल से सुरक्षा बलों ने इंसास राइफल, स्टेनगन, .303 रायफल सहित कई ऑटोमैटिक हथियार, विस्फोटक, माओवादी साहित्य, बैनर-पोस्टर और रोजमर्रा के उपयोग की वस्तुएं बरामद की हैं। इससे यह स्पष्ट होता है कि माओवादी संगठन क्षेत्र में फिर से अपनी गतिविधियां सक्रिय करने की कोशिश कर रहे थे।

पुलिस की अपील जिला पुलिस प्रशासन ने माओवादियों से अपील की है कि वे हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटें और समाज की प्रगति में योगदान दें। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि नक्सली गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here