Home Blog भैरमगढ़ में सर्व आदिवासी समाज की विशाल रैली, मुख्यमंत्री व राज्यपाल के...

भैरमगढ़ में सर्व आदिवासी समाज की विशाल रैली, मुख्यमंत्री व राज्यपाल के नाम 11 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा

0

A massive rally of the entire tribal community was held in Bhairamgarh, where an 11-point memorandum of demands was submitted to the Chief Minister and the Governor.

बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर सर्व आदिवासी समाज ने शनिवार को भैरमगढ़ में एक विशाल रैली निकालते हुए अपनी प्रमुख मांगों को लेकर एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। रैली में हजारों की संख्या में आदिवासी समाज के लोग शामिल हुए। समाज ने पाँचवीं अनुसूची के अनुरूप आदिवासी क्षेत्रों में कानूनी, प्रशासनिक और आर्थिक सुधार तत्काल लागू करने की मांग की। जिला अध्यक्ष जग्गूराम तेलामी ने आदिवासी भूमि सुरक्षा कानून बनाने, ग्राम सभा को पूर्ण अधिकार देने, DMF व TSP की राशि का सीधे ग्राम सभा को हस्तांतरण करने तथा अबूझमाड़ क्षेत्र में बाहरी बसावट पर रोक लगाने जैसी प्रमुख बातें उठाईं।

Ro.No - 13672/156

“बिरसा ने हमें अपनी धरती और अधिकारों की लड़ाई लड़ना सिखाया” — विधायक विक्रम मंडावी

ज्ञापन सौंपने से पूर्व पुराने बाजार स्थल पर आयोजित आमसभा को संबोधित करते हुए बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि बिरसा मुंडा ने उस दौर में संघर्ष किया जब अंग्रेज सरकार, साहूकार और जमींदार आदिवासियों की जमीन छीन रहे थे।
उन्होंने कहा कि बिरसा का संदेश अबुआ दिसुम, अबुआ राज आज भी उतना ही प्रासंगिक है, क्योंकि जमीन केवल आर्थिक साधन नहीं बल्कि आदिवासी अस्तित्व, संस्कृति और जीवन का आधार है। विधायक ने बताया कि बिरसा के नेतृत्व में हुआ उलगुलान इतना व्यापक आंदोलन था कि अंग्रेज सरकार को छोटानागपुर काश्तकारी अधिनियम-1908 लागू करने पर मजबूर होना पड़ा, जिससे आदिवासी भूमि पर बाहरी कब्जे को रोकने का कानूनी संरक्षण मिला।

“हम अपनी संस्कृति और जमीन की रक्षा के संकल्प के साथ एकजुट हैं” — जग्गूराम तेलामी

जिला अध्यक्ष जग्गूराम तेलामी ने कहा कि बिरसा मुंडा ने हमें सिखाया कि अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित संघर्ष ही रास्ता है। वे सिर्फ क्रांतिकारी नहीं, बल्कि आदिवासी अस्मिता और स्वाभिमान के प्रतीक हैं।

ब्लॉक अध्यक्ष सीताराम मांझी ने कहा कि समाज बिरसा मुंडा के विचारों—धरती की रक्षा, संस्कृति की रक्षा और जनअधिकारों की रक्षा—को आगे बढ़ाने का संकल्प लेता है। सभा को दशरथ कुंजाम, बलदेव अतरा, रानू सोरी, रतन कश्यप, सत्य प्रेम वेंजम, रामलाल यादव, शिव पुनेम, भावसिंह भास्कर और दसमत पोडियामी सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ सदस्य सीएस नेताम, कमलेश पैंकरा, बुधराम गावड़े, सरजू भास्कर, सोहन भोगामी, मुर्रा वेट्टी, जोगा माड़वी, दुल्ला कश्यप, मनधर नाग, सुनील एर्पुडे, मोटू वेट्टी, श्रवण सैंड्रा सहित बड़ी संख्या में समाज प्रमुख उपस्थित रहे।

रैली शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई और समाज ने उम्मीद जताई कि सरकार उनकी लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here