Home Blog ग्राम पंचायत डुमरपानी को मिली राष्ट्रीय स्तर पर पहचान

ग्राम पंचायत डुमरपानी को मिली राष्ट्रीय स्तर पर पहचान

0

Gram Panchayat Dumrapani got recognition at the national level

राष्ट्रीय जल पुरस्कार में तृतीय स्थान से किया गया सम्मानित

Ro.No - 13672/156

कलेक्टर ने ग्राम पंचायत एवं जनपद व जिला पंचायत की टीम को दी बधाई

उत्तर बस्तर कांकेर, 18 नवम्बर 2025/ कांकेर जिला एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित करने में सफल हुआ है। भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय द्वारा छठें राष्ट्रीय जल पुरस्कार 2024 समारोह में जिले के नरहरपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत डुमरपानी को ’सर्वश्रेष्ठ ग्राम पंचायत’ श्रेणी में तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। समारोह का आयोजन आज नई दिल्ली के विज्ञान भवन में हुआ, जहां केंद्रीय जल शक्ति मंत्री श्री सी.आर. पाटिल ने यह सम्मान प्रदान किया, जिसे ग्राम पंचायत डुमरपानी के सरपंच श्री कंसराम नेताम और कार्यक्रम अधिकारी श्री राहुल तारक (मनरेगा) ने यह प्रतिष्ठित पुरस्कार ग्रहण किया।

जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मंडावी ने बताया कि ग्राम पंचायत डुमरपानी को यह सम्मान जल संरक्षण और प्रबंधन में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए मिला है। ग्राम पंचायत ने मनरेगा और अन्य योजनाओं के सहयोग से बड़े पैमाने पर जल के विभिन्न स्त्रोतों को विकसित किया है। इसके तहत कुल 153 भूमिगत जल स्तर को बढ़ाने के लिए संरचनाओं का निर्माण किया गया है, जिनमें 103 निजी तालाब, 14 मिनी परकोलेशन टैंक, 1 नया तालाब निर्माण, 2 तालाब गहरीकरण, 20 ब्रशवुड निर्माण, 3 लूज बोल्डर और 10 गली प्लग निर्माण शामिल हैं। ये सभी संरचनाएं किसानों को सुरक्षित सिंचाई प्रदान करने के साथ-साथ उनकी आजीविका में सहयोग प्रदान कर रही हैं। जिला सीईओ ने यह भी बताया कि यह कांकेर जिले के लिए जल प्रबंधन के क्षेत्र में लगातार दूसरी राष्ट्रीय सफलता है। डुमरपानी से पहले, पिछले वर्ष (5वें राष्ट्रीय जल पुरस्कार 2023 में) कांकेर जिले की नरहरपुर विकासखण्ड की ही ग्राम पंचायत मासुलपानी को जल प्रबंधन एवं संरक्षण के लिए ’सर्वश्रेष्ठ पंचायत’ श्रेणी में द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ था। इस पूरी प्रक्रिया में तकनीकी सहयोगी के रूप में जिला पंचायत कांकेर, जनपद पंचायत नरहरपुर, मनरेगा शाखा नरहरपुर एवं प्रदान संस्था कांकेर का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के जलशक्ति मंत्रालय ने छठें पुरस्कार-2024 के लिए 09 श्रेणियों में 38 विजेताओं की घोषणा की है। राष्ट्रीय जल पुरस्कार उन प्रयासों पर केंद्रित है, जो देशभर में सरकार के ’जल समृद्ध भारत’ के लक्ष्य को प्राप्त करने में मदद कर रहे हैं। इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय उपलब्धि पर जिला प्रशासन ने हर्ष व्यक्त करते हुए कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने इस सफलता के लिए डुमरपानी ग्राम पंचायत के सभी निवासियों, सरपंच और जिला एवं जनपद पंचायत की टीम को बधाई दी है, जिन्होंने प्रत्यक्ष और परोक्ष तौर पर सुव्यवस्थित जल प्रबंधन और संरक्षण के लिए महती भूमिका निभाई है। उन्होंने जिले की सभी पंचायतों के लिए इसे प्रेरक और ज्वलंत उदाहरण निरूपित किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here