Constitution Day and invitation feast held at District Ma School Bijapur
अतिथियों ने कहा — बाबा साहेब अंबेडकर के कारण हम सब एक हैं
बीजापुर @रामचन्द्रम एरोला – 26 नवंबर को संविधान दिवस जनपद मा शाला बीजापुर में उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संविधान निर्माता डॉ. बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर मुख्य अतिथि बीआरसी राजेश मिश्रा, विशेष अतिथि सीएसी रमन झा, राजेश सिंह एवं शिक्षकों द्वारा माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर की गई। बच्चों ने भी पुष्प अर्पित कर संविधान निर्माता को नमन किया।
मुख्य अतिथि राजेश मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हम सभी आज संविधान की वजह से एकजुट हैं। संविधान ने सभी को समान अधिकार प्रदान किए हैं। उन्होंने बताया कि पहले देश में राजतंत्र था, पर अब लोकतंत्र है और यह हमें बाबा साहेब द्वारा दिए गए संविधान से मिला है। उन्होंने बाबा साहेब की शिक्षा, डिग्रियों और संविधान निर्माण में उनकी अहम भूमिका का उल्लेख किया।
विशेष अतिथि रमन झा ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि आप सभी पढ़-लिखकर डॉक्टर, इंजीनियर, कलेक्टर बनें। आज समान अवसरों का लाभ सभी को मिलता है, यह बाबा साहेब की ही देन है। उन्होंने बताया कि संविधान निर्माण में बाबा साहेब प्रारूप समिति के अध्यक्ष थे, जबकि डॉ. राजेंद्र प्रसाद संविधान सभा के अध्यक्ष थे।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक कैलाश रामटेके ने किया। उनकी पुत्री जिया रामटेके के जन्मदिन के अवसर पर न्यौता भोज का आयोजन भी किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं, अतिथियों और शिक्षकों ने सहभागिता की। न्यौता भोज को लेकर शासन द्वारा दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
कार्यक्रम में शिक्षक रजनीलता सिंह, सुरेश नरेटी, दीपिका मरकाम आदि का विशेष सहयोग रहा।



