वन विभाग बोला रोजगार के साथ लाभांश राशि से मूलभूत सुविधा मिलेगी —सब कुछ नियमों के तहत
बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – बीजापुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत IWC/III मोंसला कूप क्रमांक 269 में वर्ष 2024–25 के लिए निर्धारित 428 नग वृक्षों की कटाई कार्य सरकार की स्वीकृत योजना के अनुरूप जारी है। यह कटाई कार्य भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा स्वीकृत कार्ययोजना के अंतर्गत किया जा रहा है। वन विभाग के अनुसार 10 नवंबर 2025 को ग्राम पेद्दा कोडेपाल के कुछ ग्रामीणों व जनपद सदस्यों ने चल रहे कटाई कार्य को रोक दिया था। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कटाई कार्य IWC कूप में गिरे, टूटे, सूखे व रोगग्रस्त वृक्षों का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण है, ताकि जंगल स्वस्थ व संतुलित रह सके। विभाग ने बताया कि वर्ष 2023–24 से 2032–33 तक की स्वीकृत योजना के अनुसार पेड़ों की कटाई पर्यावरणीय मानकों के तहत की जा रही है। वर्ष 2024–25 में 1135 घन मीटर लकड़ी का लक्ष्य निर्धारित था, जिसमें से लगभग आधा कार्य पूर्ण हो चुका है। वर्ष 2025–26 के लिए शेष 1382 वृक्षों की कटाई 26 नवंबर 2025 से प्रारंभ कर 9 दिसंबर 2025 तक 160 पेड़ों की कटाई की जा चुकी है। ग्रामीणों ने विभाग पर सूचना न देने का आरोप लगाया, जिस पर विभाग ने स्पष्ट किया कि कटाई प्रारंभ होने से पहले 13 सितंबर 2025 को ग्राम सभा भवन में बैठक आयोजित कर ग्रामीणों को पूरी जानकारी दी गई थी। साथ ही कटाई से मिलने वाली लगान राशि ग्राम विकास कार्यों में व्यय की जा सकती है, जिसकी जानकारी ग्रामीणों को दी जा चुकी थी। वनमंडल अधिकारी ने बताया कि उक्त कटाई कार्य भारत सरकार के अनुशंसित मानकों के अनुरूप किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि जंगल को स्वस्थ बनाए रखने तथा वन सुरक्षा हेतु सहयोग करें। उन्होंने कहा कि कटाई से प्राप्त लकड़ी से होने वाला राजस्व गाँव के मूलभूत सुविधाओं के विकास में उपयोग हो सकता है।
वनमंडल अधिकारी बीजापुर ने ग्रामीणों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि स्वीकृत योजना के तहत वैज्ञानिक तरीके से होने वाले इस कार्य में सभी का साथ आवश्यक है।



