एमसीबी से भगवान दास की रिपोर्ट
एमसीबी/मनेन्द्रगढ़। रेड रिबन क्लब, शासकीय विवेकानन्द स्नातकोत्तर महाविद्यालय मनेन्द्रगढ़ द्वारा माई भारत कोरिया, जिला युवा अधिकारी एवं छत्तीसगढ़ राज्य एड्स कंट्रोल सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय एड्स जागरूकता कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम एमसीबी जिला अग्रणी महाविद्यालय में प्रभारी प्राचार्य डॉ. सरोजबाला श्याग विश्नोई के मार्गदर्शन एवं रेड रिबन क्लब प्रभारी के संयोजन में सम्पन्न हुआ।
कार्यशाला में आई.क्यू.ए.सी. कोऑर्डिनेटर डॉ. अरुणिमा दत्ता के सहसंयोजन में डॉ. रिंकी तिवारी, सुश्री अल्पना रानी खलखों एवं प्रकाशदास मानिकपुरी ने टीम सदस्य के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
एड्स जागरूकता कार्यशाला में विषय विशेषज्ञ के रूप में सौरभ निषाद (माई भारत कोरिया), जिला युवा अधिकारी तथा श्रीमती निशा सिंह (जिला एमसीबी), परामर्शदाता एवं मनोवैज्ञानिक काउंसलर ने सहभागिता की। उन्होंने एचआईवी संक्रमण एवं एड्स महामारी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि इस बीमारी के प्रति जागरूकता, रोकथाम, समय पर जांच एवं उपचार तक पहुंच अत्यंत आवश्यक है।
विषय विशेषज्ञों द्वारा एचआईवी/एड्स क्या है, यह कैसे फैलता है और किन माध्यमों से नहीं फैलता—इसकी सही जानकारी दी गई। साथ ही एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के साथ सम्मानपूर्वक व्यवहार करने, समाज में उन्हें समान अधिकार देने एवं किसी भी प्रकार के भेदभाव से बचने का संदेश दिया गया। सुरक्षित व्यवहार अपनाने, सुई साझा न करने, जोखिम भरे व्यवहार से दूर रहने एवं प्रारंभिक पहचान के लिए नियमित जांच को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया गया। वक्ताओं ने यह भी बताया कि एआरटी (एंटी रेट्रोवायरल थैरेपी) के माध्यम से एचआईवी संक्रमित व्यक्ति भी स्वस्थ एवं सामान्य जीवन जी सकता है।
कार्यक्रम में यह भी उल्लेख किया गया कि विवेकानन्द महाविद्यालय की रेड रिबन एवं रेड क्रॉस इकाई निरंतर जागरूकता अभियानों के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने का कार्य कर रही है।
कार्यशाला का संचालन डॉ. सरोजबाला श्याग विश्नोई द्वारा किया गया, जबकि आभार प्रदर्शन डॉ. अरुणिमा दत्ता ने किया। इस अवसर पर डॉ. रश्मि तिवारी, श्रीमती मीना त्रिपाठी, साधना बुनकर सहित लगभग 45 युवा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में प्रदीप मलिक, सतीश सोनी एवं ममता का सहयोग सराहनीय रहा।



