धोबनी (सरसीवा) ग्राम पंचायत धोबनी के आंगनवाड़ी क्रमांक 3 के आसपास भारी गंदगी फैली हुई है। केंद्र के पास कूड़ा-कचरे का ढेर लगा हुआ है, वहीं कुछ लोगों द्वारा वहां घरेलू एवं अन्य अपशिष्ट कचरा लगातार फेंका जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि इसी आंगनवाड़ी केंद्र में नन्हे-मुन्ने बच्चे शिक्षा ग्रहण करने के साथ-साथ पोषण आहार लेने आते हैं। ऐसे में केंद्र के आसपास स्वच्छता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है, लेकिन लापरवाही के कारण पूरा क्षेत्र गंदगी की चपेट में है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द सफाई नहीं कराई गई तो इसका सीधा असर बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ेगा। गंदगी के कारण मच्छर, मक्खी और बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत और संबंधित विभाग से मांग की है कि आंगनवाड़ी परिसर के आसपास तत्काल सफाई अभियान चलाया जाए, कचरा फेंकने वालों पर सख्त कार्रवाई हो तथा स्थायी रूप से कूड़ेदान की व्यवस्था की जाए, ताकि बच्चों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।



