Excise department takes major action against illegal Mahua liquor.
18.200 लीटर महुआ शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सहायक आयुक्त आबकारी श्री क्रिस्टोफर खलखो के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग की टीम ने थाना तमनार अंतर्गत ग्राम लालपुर में अवैध महुआ शराब की बड़ी खेप जप्त की है।
आबकारी विभाग को प्राप्त शिकायत के आधार पर 19 दिसम्बर को आबकारी वृत्त घरघोड़ा की टीम ने ग्राम लालपुर निवासी हीरालाल कालंगा, पिता रामलाल कालंगा के कब्जे से कुल 18.200 लीटर महुआ शराब बरामद की। जप्त शराब का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 3,640 रुपये आंका गया है।
आबकारी विभाग द्वारा आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
उक्त कार्रवाई में आबकारी उप निरीक्षक सुश्री रागिनी पटेल एवं श्री कुशल पटेल, मुख्य आरक्षक श्री राजेश्वर ठाकुर तथा आबकारी आरक्षक श्री लाकेश नेताम, श्री प्रवीण जांगड़े एवं कुमारी अनिशा तिर्की की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



