*शिक्षा के स्तर में वृद्धि करने यथासंभव विषयवार ऑनलाइन व ऑफलाइन कक्षाएं लेने कहा*
कांकेर, 21 दिसंबर 2025/ बोर्ड परीक्षा 2025-26 में जिले के विद्यार्थियों को बेहतर परिणाम दिलाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी पहल की है। कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने जिले के सभी शासकीय विद्यालयों के प्राचार्य एवं व्याख्याताओं के नाम अनुरोध सह अपील पत्र जारी किया गया है, जिसमें शीतकालीन अवकाश के दौरान भी कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के लिए वर्चुअल उपचारात्मक शिक्षण संचालित करने हेतु अनुरोध किया है।
कलेक्टर ने अपने संदेश में कहा है कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक सुदृढ़ीकरण को दृष्टिगत करते हुए बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होने वाले विद्यार्थियों के लिए विषयवार ऑनलाइन कक्षाओं का आयोजन किया जाए। यह कक्षाएं विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे Google Meet, Zoom, WhatsApp Video कॉल अथवा अन्य उपलब्ध डिजिटल माध्यमों से शिक्षकों की सुविधा अनुसार संचालित की जाएंगी। साथ ही यह भी कहा गया है कि यदि किसी विद्यालय में भौतिक कक्षाएं लेना संभव हो, तो यह विद्यार्थियों के लिए और अधिक लाभकारी होगा।
अपनी अपील में कलेक्टर ने बताया कि इन कक्षाओं का मुख्य उद्देश्य कमजोर, औसत एवं परीक्षा उन्मुख विद्यार्थियों को लक्षित कर उपचारात्मक सहयोग प्रदान करना है। बोर्ड परीक्षा की दृष्टि से अति महत्वपूर्ण अध्यायों, कठिन टॉपिक्स, प्रश्न-पैटर्न, पूर्व वर्षों के प्रश्नपत्र, मॉडल प्रश्नों की पुनरावृत्ति पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके साथ ही उत्तर लेखन अभ्यास, समय प्रबंधन तथा प्रस्तुति कौशल विकसित करने के लिए भी विद्यार्थियों को नियमित मार्गदर्शन दिया जाएगा, जिससे उनके आत्मविश्वास में वृद्धि हो सके।



