*SIR को लेकर कार्यकर्ताओं को मिला मार्गदर्शन*
*एमसीबी से भगवान दास की रिपोर्ट*
एमसीबी/भरतपुर–सोनहत।
भरतपुर–सोनहत विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कछोड़ में विधानसभा स्तरीय SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ करना रहा।
कार्यशाला में क्षेत्र की विधायक रेणुका सिंह,भाजपा संगठन के जिला प्रभारी बाबूलाल अग्रवाल,भाजपा जिलाध्यक्ष चंपादेवी पावले एवं रमन अग्रवाल मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने SIR प्रक्रिया, संगठनात्मक जिम्मेदारियों तथा कार्यकर्ताओं की भूमिका पर प्रकाश डाला।
*विधायक ने कार्यशाला को किया संबोधित*
भरतपुर–सोनहत विधायक रेणुका सिंह ने कहा कि SIR के माध्यम से मतदाता सूची को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाया जा रहा है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सूची में सुनिश्चित रूप से दर्ज हो सके। उन्होंने कहा कि आगामी समय में देश के विभिन्न राज्यों में चुनाव होने वाले हैं, ऐसे में मतदाता सूची का अद्यतन और त्रुटिरहित होना अत्यंत आवश्यक है।
विधायक रेणुका सिंह ने अपने उद्बोधन में यह भी कहा कि हाल ही में संसद में देश के यशस्वी केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने SIR को लेकर विस्तृत एवं तथ्यपरक जानकारी दी है। इस संवैधानिक प्रक्रिया को सही रूप में समझना आवश्यक है, ताकि किसी प्रकार का भ्रम न रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर सत्यापन कार्य को गंभीरता, संयम और जिम्मेदारी के साथ करने का आह्वान किया।
*वक्ताओं का मिला मार्गदर्शन*
भाजपा जिलाध्यक्ष चंपादेवी पावले ने कहा कि बीएलए-2, बूथ अध्यक्ष एवं शक्ति केंद्र प्रभारी संगठन की रीढ़ हैं। उनकी सक्रियता और सजगता से ही SIR अभियान सफल होगा।
जिला प्रभारी बाबूलाल अग्रवाल ने कहा कि बूथ स्तर पर सशक्त और व्यवस्थित कार्य से ही लोकतंत्र मजबूत होता है तथा SIR एक महत्वपूर्ण संवैधानिक प्रक्रिया है, जिसे अनुशासन और समन्वय के साथ पूरा किया जाना चाहिए।
रमन अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतंत्र की मजबूती का आधार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा और सजगता के साथ SIR अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।
कार्यशाला में भाजपा जिला व मंडल पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष, बीएलए-2, शक्ति केंद्र प्रभारी, संयोजक, पार्षद एवं जनप्रतिनिधिगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन SIR अभियान को सफल बनाने के संकल्प के साथ हुआ।



