Home Blog पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत, बीजापुर जिले में 403 बूथों पर बच्चों...

पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत, बीजापुर जिले में 403 बूथों पर बच्चों को पिलाई गई खुराक

0

बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – बीजापुर जिले में पोलियो उन्मूलन के उद्देश्य से राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के पहले दिन जिलेभर में बनाए गए पल्स पोलियो बूथों पर 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण और वनांचल इलाकों में भी अभियान को लेकर सक्रिय सहभागिता देखने को मिली। जिला मुख्यालय में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। विकासखंड स्तर पर भी अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में आयोजन हुए। जिले में कुल 403 पल्स पोलियो बूथ बनाए गए थे, जहां अभिभावकों ने बड़ी संख्या में अपने बच्चों का टीकाकरण कराया। अभियान को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, स्वयंसेवक और अन्य सहयोगी सक्रिय रहे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.आर. पुजारी ने बताया कि प्रथम दिवस बूथ आधारित टीकाकरण किया गया है, जबकि आगामी दो दिनों में घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि सभी बच्चे टीकाकरण अवश्य कराएं। जिला टीकाकरण अधिकारी के अनुसार दूरस्थ क्षेत्रों, बस स्टैंड, साप्ताहिक बाजार एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष मोबाइल टीमों की तैनाती की गई है। अभियान के दौरान आमजन का सहयोग सराहनीय रहा। पल्स पोलियो अभियान के माध्यम से जिले को पोलियो मुक्त बनाए रखने के प्रयासों को मजबूती मिली है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here