Major action taken against illegal inter-district paddy transportation.
मुंगेली जिला से हरजीत भास्कर की रिपोर्ट
= संयुक्त दल ने 100 बोरी (40 क्विंटल) धान किया जब्त, व्यापारी पुलिस के हवाले
मुंगेली/बिलासपुर। -/- राज्य शासन द्वारा अवैध धान परिवहन, भंडारण एवं तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। जिला खाद्य अधिकारी मुंगेली एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) लोरमी के निर्देशन में गठित संयुक्त जांच दल ने अंतरजिला धान के अवैध परिवहन का भंडाफोड़ करते हुए एक व्यापारी को रंगे हाथों पकड़ा है।
खाद्य निरीक्षक मनोज साहू, राहुल श्रीवास एवं सहकारिता निरीक्षक मुकेश राजपूत के संयुक्त दल के साथ जिला बिलासपुर के दल द्वारा की गई इस कार्रवाई में अंतरजिला धान व्यापारी दिनेश राज पिता जोहन सिंह राज, निवासी डिंडौरी को वाहन क्रमांक CG04 QP 8816 में 100 बोरी (लगभग 40 क्विंटल) धान का अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया।
ग्राम चंगोरी में हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई ग्राम चंगोरी, तहसील कोटा, जिला बिलासपुर में की गई। जांच के दौरान वाहन में लदे धान के संबंध में व्यापारी कोई वैध दस्तावेज, परमिट या परिवहन से जुड़े अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद संयुक्त दल द्वारा धान से भरे वाहन को मौके पर ही जप्त कर लिया गया।
👉कोटा पुलिस थाने में सुपुर्द,
जप्त किए गए धान एवं वाहन को आगे की वैधानिक कार्रवाई हेतु कोटा पुलिस थाना में सुपुर्द किया गया है। पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है। आशंका जताई जा रही है कि उक्त धान को अवैध रूप से एक जिले से दूसरे जिले में खपाने की तैयारी थी।
👉प्रशासनिक अमले की रही सक्रिय भूमिका,
इस कार्रवाई में कोटा नायब तहसीलदार राकेश ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही, वहीं मंडी समिति बिलासपुर के कर्मचारियों ने भी जांच दल का सक्रिय सहयोग किया। इसके अलावा इस पूरी कार्रवाई में कवर्धा जिला के सहायक खाद्य अधिकारी अनिल वर्मा का विशेष योगदान रहा, जिनकी सूचना और समन्वय से यह कार्रवाई सफल हो सकी।
👉अवैध धान कारोबार पर प्रशासन सख्त,
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में गड़बड़ी करने, अवैध परिवहन एवं अंतरजिला तस्करी को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
👉जारी रहेगा अभियान,
खाद्य विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी जिले की सीमाओं पर सघन जांच अभियान जारी रहेगा, ताकि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों और सरकारी व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों पर नकेल कसी जा सके।



