A meeting was held regarding disaster management preparedness in the district, and a mock drill will be conducted on January 3rd in Khamdhodgi.
उत्तर बस्तर कांकेर, 02 जनवरी 2026/ राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण भारत सरकार द्वारा जिले में आपदा प्रबंधन एवं राहत की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी संबंधित विभागों को आपातकालीन स्थिति के पूर्व की जाने वाली तैयारियों एवं प्रबंधन से अवगत कराया गया। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपदा प्रबंधन से संबंधित विभिन्न बिन्दुओं पर जानकारी दी गई।
कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आज दोपहर 02 बजे आयोजित बैठक में एनडीआरएफ के टीम लीडर श्री हीरा सिंह ने बताया कि कांकेर जिले में एनडीआरएफ की 27 सदस्यीय टीम द्वारा शनिवार 03 जनवरी को मॉक ड्रिल खमढोड़गी जलाशय में सुबह 11 बजे से की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन के सहयोग एवं समन्वय से आपदा के आधार पर फ्लैग होस्ट किया जाता है। सामान्य आपदा में ग्रीन फ्लैग, स्थिति पर निगरानी के लिए यलो फ्लैग, अलर्ट मोड के लिए आरेंज तथा त्वरित आपात स्थिति में कार्यवाही के लिए रेड फ्लैग का उपयोग एनडीआरएफ द्वारा किया जाता है। टीम लीडर ने बताया कि बाढ़ एवं अन्य प्रकार की आपात स्थिति के दौरान व्यापक जन समुदाय प्रभावित होता है, इसे दृष्टिगत करते हुए सुरक्षा के अलग-अलग मापदंड के अनुसार रैपिड एक्शन टीम द्वारा लिया जाता है। इसमें ड्रोनिंग कान्टेक्ट, ड्राई कान्टेक्ट, डीप डाइवर, प्रायोरिटी फैक्टर्स आदि के माध्यम से त्वरित कार्यवाही की जाती है। साथ ही टीम द्वारा आधुनिक तकनीकों की सहायता से राहत दिए जाने का प्रयास किया जाता है। इसके अलावा उन्होंने अलग-अलग स्थिति में आपदा प्रबंधन और फौरी राहत के संबंध में मूलभूत जानकारी बैठक में दी। इस दौरान राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, पुलिस, जिला सेनानी, स्वास्थ्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, परिवहन, पशुपालन, स्कूल शिक्षा, जल संसाधन सहित विभिन्न विभागों की भूमिका के संबंध में चर्चा की गई। इसके पहले एनडीआरएफ टीम के द्वारा ऑडियो-विजुअल के माध्यम से उनके कार्यों एवं भूमिका की संक्षिप्त जानकारी दी गई। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी आपदा प्रबंधन श्रीमती सरस्वती बंजारे, डिप्टी कलेक्टर सुश्री रानू मैथ्यूज सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



