बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – बीजापुर जिले के नव-नियुक्त जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष लालू राठौर ने सोमवार को कांग्रेस भवन, बीजापुर में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। इससे पहले उन्होंने माँ दंतेश्वरी की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
पदभार ग्रहण समारोह में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर लालू राठौर ने पार्टी हाईकमान और वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन को मजबूत करना और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुँचाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ हैं और उनके सम्मान की रक्षा सर्वोपरि है।
उन्होंने भाजपा सरकार पर जनविरोधी नीतियों का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस आने वाले समय में आंदोलन करेगी। विधायक विक्रम मंडावी ने भी उन्हें बधाई देते हुए संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



