धोबनी (सरसीवा) ग्राम पंचायत धोबनी में निर्मित पानी टंकी में लगातार हो रहे लीकेज के कारण आने वाले गर्मी के मौसम में गंभीर जल संकट उत्पन्न होने की आशंका जताई जा रही है। पानी टंकी में कई स्थानों पर होल हो जाने के कारण टंकी में पानी भरते ही बड़ी मात्रा में पानी रिसने लगता है, जिससे जल संचयन प्रभावित हो रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह पानी टंकी अनुमानित सत्र 2016-17 में बनाई गई थी। निर्माण के कुछ वर्षों बाद ही इसमें लीकेज की समस्या सामने आने लगी थी। पूर्व में ग्रामीणों द्वारा इसकी शिकायत भी की गई थी, जिसके बाद तत्कालीन जिला बलौदाबाजार के समय टंकी की मरम्मत कराई गई थी। हालांकि मरम्मत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका।
ग्रामीणों का आरोप है कि पानी टंकी का निर्माण गुणवत्ताहीन सामग्री से किया गया है, जिसके कारण आज यह स्थिति बनी हुई है। वर्तमान में हालात यह हैं कि टंकी में पानी भरने पर पानी का अत्यधिक रिसाव हो रहा है, जिससे न केवल पानी की बर्बादी हो रही है बल्कि ग्रामीणों को नियमित जल आपूर्ति में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि पानी टंकी की तत्काल तकनीकी जांच कराकर स्थायी मरम्मत या आवश्यकता पड़ने पर नई टंकी का निर्माण कराया जाए। यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले गर्मी के दिनों में ग्राम धोबनी की आम जनता को गंभीर जल संकट से जूझना पड़ सकता है।



