Accused of burning the Jaitkham arrested; Mungeli police take swift action before the 3-day deadline.
मुंगेली जिला से हरजीत भास्कर की रिपोर्ट
जैतखाम आगजनी मामले का खुलासा
मुंगेली – लोरमी।-– ग्राम झझपुरी में धार्मिक आस्था के प्रतीक जैतखाम (जैतस्तंभ) को जलाने की सनसनीखेज घटना का मुंगेली पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में की गई।
दिनांक 16–17 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात ग्राम झझपुरी स्थित ठाकुर देव चौक में अज्ञात व्यक्ति द्वारा जैतखाम को आग के हवाले कर दिया गया था, जिससे क्षेत्र में तनाव एवं आक्रोश का माहौल बन गया था। मामले में सूचनाकर्ता अंगद अंचल पिता देवल अंचल, निवासी झझपुरी कला की रिपोर्ट पर थाना लोरमी में अपराध क्रमांक 18/26 अंतर्गत धारा 298, 326(जी) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
फोरेंसिक, CCTV और ग्रामीणों की पहचान से पहुंची पुलिस आरोपी तक
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, एसडीओपी नवनीत पाटिल एवं एसडीओपी हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस ने तत्काल घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कराया, फोरेंसिक टीम से जांच कराई गई तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों का बारीकी से अवलोकन किया गया।
घटना स्थल के पास स्थित मेडिकल दुकान के सीसीटीवी फुटेज और ग्रामीणों के कथन के आधार पर जैकेट पहनकर चेहरा छुपाते हुए भागते व्यक्ति की पहचान राजेश साहू पिता स्व. दाउलाल साहू (35 वर्ष) निवासी झझपुरी कला के रूप में की गई।
पूछताछ में कबूला अपराध, आपसी विवाद में की थी आगजनी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि जयंती कार्यक्रम के दौरान सतनामी समाज के कुछ लोगों द्वारा शराब के नशे में होने की बात कहकर मारपीट किए जाने से वह क्षुब्ध था, इसी आक्रोश में उसने जैतखाम में आग लगाई।
आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मिट्टी तेल (केरोसिन), माचिस तथा घटना के समय पहने कपड़े बरामद कर गवाहों के समक्ष जप्त किए गए।
न्यायिक रिमांड पर जेल
साक्ष्यों के आधार पर आरोपी राजेश साहू को दिनांक 20 जनवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया।
सामाजिक सौहार्द की अपील
उल्लेखनीय है कि घटना के बाद सतनामी समाज द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से 3 दिवस की समय-सीमा दी गई थी, जिसके पूर्व ही मुंगेली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कानून व्यवस्था पर अपनी मजबूत पकड़ साबित की है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा अपील की गई है कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा सभी वर्ग शांति एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखें।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में
निरीक्षक अखिलेश कुमार वैष्णव (थाना प्रभारी लोरमी), निरीक्षक प्रसाद सिन्हा (सायबर सेल), निरीक्षक रघुवीर चंद्रा (थाना चिल्फी), उप निरीक्षक अमित गुप्ता, उप निरीक्षक सुंदर लाल गोरले, उप निरीक्षक सतेंद्रपुरी गोस्वामी सहित थाना लोरमी का समस्त स्टाफ शामिल रहा।



