Home छत्तीसगढ़ बीजापुर में बुलडोजर कार्रवाई पर सियासत गरम, कांग्रेस का भाजपा पर पलटवार

बीजापुर में बुलडोजर कार्रवाई पर सियासत गरम, कांग्रेस का भाजपा पर पलटवार

0

 

 

Ro.No - 13672/156

 

“क्या कलेक्टर विपक्ष के कहने पर काम करता है?” – विक्रम मंडावी

 

 

बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – जिला मुख्यालय बीजापुर में गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में क्षेत्रीय विधायक विक्रम मंडावी ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बीजापुर से दिल्ली तक भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार है, ऐसे में भाजपा जिला अध्यक्ष घासीराम नाग द्वारा यह कहना कि “कांग्रेस के कहने पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई हुई”, पूरी तरह झूठा, हास्यास्पद और मनगढ़ंत है।

विधायक मंडावी ने सवाल उठाया कि यदि विपक्ष के कहने पर प्रशासन काम करता है, तो फिर दिशा समिति की बैठक में मौजूद भाजपा सांसद, नगर पालिका अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष, पार्षद और अन्य भाजपा नेता उस वक्त चुप क्यों थे? अगर कांग्रेस ने कोई गलत बात कही होती, तो उसी समय विरोध क्यों नहीं किया गया?

उन्होंने कहा कि भाजपा नेता अपनी प्रशासनिक और राजनीतिक विफलताओं को छिपाने के लिए जनता को भ्रमित कर रहे हैं। भाजपा के जनप्रतिनिधि चाहते तो इस कार्रवाई को रोक सकते थे, लेकिन अब इसे राजनीतिक रंग दिया जा रहा है।

विधायक ने भाजपा जिला अध्यक्ष से सीधा सवाल किया कि यदि कांग्रेस के 25 लोगों के नाम पर जमीन होने का दावा है, तो उन 25 लोगों के नाम सार्वजनिक क्यों नहीं किए जा रहे? उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर भाजपा नेता और ठेकेदारों द्वारा सरकारी जमीनों पर कब्जे को छिपाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर गरीब आदिवासियों, नक्सल पीड़ितों और डीआरजी जवानों के मकानों पर अमानवीय तरीके से बुलडोजर चलाया जा रहा है।

विक्रम मंडावी ने कहा कि नगर पालिका परिषद बीजापुर के CMO द्वारा स्वयं स्वीकार किया गया है कि यह कार्रवाई चिकटराज समिति के कहने पर की गई है, और कार्रवाई के बाद उसी समिति द्वारा कलेक्टर से मिलकर आभार भी व्यक्त किया गया। फिर सवाल यह उठता है कि असली दबाव किसका था?

उन्होंने यह भी याद दिलाया कि नगर पालिका चुनाव के दौरान स्वयं भाजपा जिला अध्यक्ष और पालिका अध्यक्ष ने चट्टानपारा के लोगों को पट्टा देने का वादा किया था, फिर अब कार्रवाई क्यों?

 

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि चट्टानपारा क्षेत्र में प्रभावित परिवारों को अब पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं से भी वंचित किया जा रहा है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि कार्रवाई केवल अतिक्रमण हटाने तक सीमित नहीं, बल्कि गरीबों को प्रताड़ित करने का माध्यम बन गई है। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवारों को शीघ्र राहत नहीं मिली, तो पार्टी जन आंदोलन के लिए बाध्य होगी। प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष लालू राठौर, जिला पंचायत सदस्य नीना रावतिया उद्दे, पीसीसी सदस्य वेणुगोपाल राव, जनपद उपाध्यक्ष दिनेश पुजारी, पुरुषोत्तम सल्लुर, बसंत हपका, कामेश मोरला, एजाज सिद्दीकी, रतन कश्यप, अंकित सिंह, राजकुमार गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here