
बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – उसूर ब्लॉक के दूरस्थ ग्राम पंचायत कंचाला एवं पालागुड़ा में नव स्थापित सीआरपीएफ कैंप का कलेक्टर संबित मिश्रा एवं सीईओ जिला पंचायत नम्रता चौबे द्वारा पहली बार दौरा किया गया। इस दौरान उन्होंने आश्रित ग्राम गुंडराजगुड़ा, पालागुड़ा एवं बोमेड़ का भी भ्रमण कर आंगनवाड़ी, स्कूल एवं सड़क निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्कूली बच्चों से संवाद कर शिक्षा व्यवस्था एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा बच्चों के साथ मध्यान्ह भोजन कर भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया। प्रशासन की इस पहल से ग्रामीणों में सकारात्मक माहौल देखने को मिला।
ग्रामीणों द्वारा पेयजल समस्या की जानकारी दिए जाने पर कलेक्टर ने एक सप्ताह के भीतर सभी गांवों में हैंडपंप स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही पात्र हितग्राहियों को राशनकार्ड वितरण एवं ट्रैक्टर के माध्यम से गांव में ही खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर एवं सीईओ ने स्वीकृत शाला भवनों व आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कर समयसीमा में पूर्ण करने, वन अधिकार अधिनियम के अंतर्गत लंबित वन भूमि सर्वे शीघ्र पूरा करने तथा ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं से जोड़ने हेतु वोटर आईडी, आधार कार्ड एवं बैंक खाता खोलने के लिए विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।
दूरस्थ एवं संवेदनशील क्षेत्रों में प्रशासन की यह सक्रिय उपस्थिति विकास कार्यों को गति देने और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



