Security forces conduct major operation in Bijapur, recover 16 pressure IEDs and a Maoist dump.
बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – जिले के थाना मद्देड़ क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। बंदेपारा–नीलमड़गु के मध्य जंगल क्षेत्र में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान माओवादियों द्वारा पगडंडी मार्ग एवं आसपास के जंगल में बीयर बोतल में लगाए गए 16 प्रेशर IED बरामद किए गए। सभी IED को बीडीएस टीम द्वारा मौके पर ही सुरक्षा मानकों के तहत निष्क्रिय किया गया, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई। इसी सर्चिंग अभियान के दौरान डीआरजी बीजापुर, थाना मद्देड़ एवं सीआरपीएफ 22 बटालियन की संयुक्त टीम ने जंगल में अलग-अलग स्थानों पर जमीन के भीतर गड्ढा खोदकर छिपाकर रखे गए स्टील कंटेनर और प्लास्टिक बाल्टियों से भारी मात्रा में विस्फोटक एवं माओवादी सामग्री बरामद की।
बरामद सामग्री में 784 जिलेटिन स्टीक (लगभग 100 किलोग्राम), कार्डेक्स वायर के 3 बंडल, करीब 350 मीटर काली वर्दी का कपड़ा, एक किलो गन पावडर, वॉकी-टॉकी चार्जर, बैटरियां, मोबाइल चार्जर, माओवादी साहित्य, वर्दी, पिट्ठू बैग सहित अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री शामिल है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में माओवादियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी है। सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई से माओवादियों के मंसूबों को करारा झटका लगा है।




