
बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – भारत सरकार के केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा 25 जनवरी 2026 को “समृद्ध दीदी से समृद्ध राष्ट्र” अभियान के अंतर्गत गणतंत्र दिवस के पूर्व महिला स्व सहायता समूहों की उत्कृष्ट कार्य करने वाली दीदियों के सम्मान हेतु अभिनंदन समारोह का आयोजन पुसा, नई दिल्ली में किया गया।
कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देशभर से आई महिला स्व सहायता समूहों की प्रतिनिधि दीदियों का अभिनंदन कर उनके योगदान की सराहना की। जिला पंचायत सीईओ नम्रता चौबे के निर्देशानुसार, जिला बीजापुर की महिला स्व सहायता समूहों की प्रतिनिधियों ने जिला पंचायत संसाधन केंद्र, बीजापुर में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा और मंत्री के उद्बोधन से प्रेरणा प्राप्त की। इस अवसर पर जनपद पंचायत बीजापुर के सीईओ पी. आर. साहू, जिला परियोजना प्रबंधक कल्पनादीप, ग्राम पंचायत ईंटपाल की सरपंच अनीता कश्यप, तोड़का की सरपंच सरोजनी, ग्राम पंचायत सचिवगण तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला एवं जनपद स्तर के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी ने छत्तीसगढ़ महतारी के तैल चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर राष्ट्रव्यापी अभियान में सहभागिता निभाई। साथ ही जनपद पंचायत बीजापुर के पीआरपी एवं कैडर दीदियों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



