The 77th Republic Day was celebrated in a dignified manner by Hasdeo Mandal.
एमसीबी/हसदेव मण्डल की ओर से 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर समस्त देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की गईं। इस अवसर पर हसदेव मण्डल अंतर्गत नगर पंचायत खोगापानी (मेन मार्केट) में भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जो अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
ध्वजारोहण कार्यक्रम नगर पंचायत खोगापानी के पूर्व अध्यक्ष एवं वर्तमान में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य (पिछड़ा वर्ग) धीरेन्द्र विश्वकर्मा के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में राष्ट्रध्वज फहराने के पश्चात राष्ट्रगान का गायन किया गया, जिससे समूचा वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया।
इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष विनोद गुप्ता एवं पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष धीरेन्द्र विश्वकर्मा ने गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। अपने संबोधन में वक्ताओं ने संविधान की गरिमा, लोकतंत्र की मजबूती एवं राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की भूमिका पर विस्तार से विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के अंत में भाजपा हसदेव मण्डल महामंत्री भगवान दास ने कार्यक्रम में उपस्थित समस्त अतिथियों, वरिष्ठ पदाधिकारियों, कार्यकर्तागण एवं नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा सभी से राष्ट्रहित में एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
इस गरिमामय आयोजन में भाजपा के सम्माननीय कार्यकर्तागण, जनप्रतिनिधि एवं नगर की सम्माननीय जनता सहित सैकड़ों की संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। संपूर्ण कार्यक्रम देशभक्ति, उत्साह एवं अनुशासन के वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



