Electricity theft was being carried out using smart meters; the power department’s strict action has caused panic among consumers.
मुंगेली जिला से हरजीत भास्कर की रिपोर्ट
मुंगेली-/- लोरमी | मुंगेली संभाग अंतर्गत लोरमी उपसंभाग में विद्युत विभाग ने बिजली चोरी के विरुद्ध बड़ी और सख्त कार्यवाही करते हुए अवैध रूप से बिजली उपयोग कर रहे उपभोक्ताओं पर शिकंजा कसा है। स्मार्ट मीटर प्रणाली के माध्यम से सामने आए बिजली चोरी के मामलों ने विभाग को सतर्क कर दिया, जिसके बाद औचक निरीक्षण कर बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को रंगे हाथों पकड़ा गया। इस कार्यवाही से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्युत विभाग द्वारा पूर्व में लगभग 300 उपभोक्ताओं के विरुद्ध लंबे समय से बकाया विद्युत बिल नहीं चुकाने के कारण स्मार्ट मीटर के माध्यम से विद्युत लाइन विच्छेद की कार्यवाही की गई थी। इसके बावजूद कुछ उपभोक्ताओं द्वारा नियमों की खुलेआम अवहेलना करते हुए बिजली खंभे से डायरेक्ट लाइन जोड़कर अवैध रूप से विद्युत उपयोग किया जा रहा था।
इस प्रकार की अनियमितता की जानकारी स्मार्ट मीटर सेल के माध्यम से विभाग को प्राप्त हुई। सूचना को गंभीरता से लेते हुए लोरमी उपसंभाग में विशेष जांच दल का गठन किया गया।
👉 08 टीमों ने किया औचक निरीक्षण,
दिनांक 28 जनवरी 2026 को विद्युत विभाग द्वारा लोरमी उपसंभाग में 08 अलग-अलग टीमों का गठन कर व्यापक स्तर पर जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान कुल 115 उपभोक्ता बिजली चोरी करते हुए पाए गए। इन उपभोक्ताओं द्वारा की गई बिजली चोरी की कुल अनुमानित राशि 36.75 लाख रुपये बताई गई है।
👉विद्युत अधिनियम के तहत दर्ज हुआ मामला,
बिजली चोरी में संलिप्त पाए गए सभी 115 उपभोक्ताओं के विरुद्ध विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 एवं 138 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है। विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि इन सभी मामलों में न्यायालय में वाद प्रस्तुत कर आगे की वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
👉 वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर हुई कार्यवाही,
यह पूरी कार्यवाही ए. के. अम्बस्ट (कार्यपालन निदेशक) एवं एस. के. जांगड़े (अधीक्षण यंत्री) के आदेशानुसार तथा एन. आर. भगत (कार्यपालन यंत्री) के निर्देशन में संपन्न की गई। विद्युत विभाग ने साफ शब्दों में कहा है कि भविष्य में भी बिजली चोरी के विरुद्ध इस प्रकार की सख्त कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।
👉 जेई ने दी जानकारी
इस संबंध में लोरमी जेई लव कुमार माथुर ने बताया कि स्मार्ट मीटर प्रणाली के माध्यम से बिजली चोरी की पहचान अब आसान हो गई है और नियम तोड़ने वाले उपभोक्ताओं को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि समय पर विद्युत बिल का भुगतान करें और अवैध तरीकों से बिजली उपयोग न करें, अन्यथा कड़ी कानूनी कार्यवाही के लिए तैयार रहें।
बड़ी कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अन्य उपभोक्ताओं में भी भय का माहौल है और विद्युत विभाग की इस सख्ती को बिजली चोरी पर रोक लगाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।



