Home छत्तीसगढ़ ग्राम पंचायत बोडतरा कला में रजत जयंती महोत्सव का भव्य आयोजन, स्मार्ट...

ग्राम पंचायत बोडतरा कला में रजत जयंती महोत्सव का भव्य आयोजन, स्मार्ट मीटर व सौर ऊर्जा पर दिया गया विशेष संदेश

0

मुंगेली जिला से हरजीत भास्कर की रिपोर्ट

 

Ro.No - 13672/156

मुंगेली / लोरमी/- गोंडखाम्ही क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बोडतरा कला में दिनांक 31 जनवरी 2026 को रजत जयंती महोत्सव का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूरे ग्राम में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी कार्यक्रम में शामिल हुए और आयोजन को सफल बनाया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत बोडतरा कला के सरपंच प्रतिनिधि नाराद जायसवाल रहे। वहीं विशेष अतिथि के रूप में बिजली विभाग के अधिकारी लव सिंह माथुर, ऋषि तिवारी सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। ग्राम पंचायत की ओर से सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं श्रीफल भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।

मुख्य अतिथि सरपंच महोदय ने अपने उद्बोधन में कहा कि रजत जयंती महोत्सव गांव के लिए गौरव का विषय है। यह आयोजन न केवल ग्राम पंचायत की 25 वर्षों की उपलब्धियों को दर्शाता है, बल्कि ग्रामीण विकास की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देता है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं को सही ढंग से क्रियान्वित कर गांव को आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिजली विभाग के अधिकारी लव सिंह माथुर एवं ऋषि तिवारी ने कहा कि आज के आधुनिक युग में बिजली और सौर ऊर्जा जीवनशैली की रीढ़ बन चुकी है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग और डिजिटल सेवाएं सभी बिजली पर निर्भर हैं। ऐसे में ऊर्जा का सही उपयोग और संरक्षण बेहद जरूरी है।

अधिकारियों ने ग्रामीणों को स्मार्ट मीटर की उपयोगिता की जानकारी देते हुए बताया कि स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं को अपनी बिजली खपत की सटीक जानकारी मिलती है, जिससे बिल में पारदर्शिता आती है और अनावश्यक विवाद की स्थिति नहीं बनती। इसके साथ ही उन्होंने बिजली विभाग की विभिन्न शासकीय योजनाओं जैसे— घरेलू विद्युत कनेक्शन, सौर ऊर्जा योजना, बिजली बिल सुधार योजना, ऑनलाइन शिकायत एवं भुगतान प्रणाली के बारे में भी विस्तार से बताया।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को बिजली सुरक्षा, ऊर्जा बचत और बिजली चोरी से होने वाले नुकसान के बारे में भी जागरूक किया गया। अधिकारियों ने अपील की कि सभी उपभोक्ता समय पर बिजली बिल का भुगतान करें और ऊर्जा संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाएं।

रजत जयंती महोत्सव के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय कलाकारों एवं स्कूली बच्चों ने लोकनृत्य, देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के अंत में ग्राम पंचायत द्वारा सभी अतिथियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया गया।

कुल मिलाकर ग्राम पंचायत बोडतरा कला में आयोजित रजत जयंती महोत्सव न केवल उत्सव का अवसर रहा, बल्कि यह ग्रामीणों के लिए जागरूकता, विकास और एकजुटता का संदेश लेकर आया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here