मुंगेली जिला से हरजीत भास्कर की रिपोर्ट
= ग्रामीण भटकते रहे, सचिव नदारद! घानाघाट पंचायत का सिस्टम फेल
लोरमी/मुंगेली।- जनपद पंचायत लोरमी अंतर्गत ग्राम पंचायत घानाघाट में पदस्थ पंचायत सचिव हेमंत सिंह ध्रुव को लेकर बड़ा प्रशासनिक विवाद सामने आया है। ग्राम पंचायत की सरपंच महंतीनबाई ने सचिव के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत लोरमी को लिखित शिकायत सौंपकर सचिव के तत्काल स्थानांतरण की मांग की है।
सरपंच द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया है कि पंचायत सचिव हेमंत सिंह ध्रुव पिछले लगभग 10 वर्षों से एक ही पंचायत में पदस्थ हैं और उनकी कार्यशैली से पंचायत प्रतिनिधि ही नहीं, बल्कि पूरे गांव के ग्रामीण त्रस्त हैं। आरोप है कि सचिव शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी न तो ग्रामवासियों को देते हैं और न ही पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में रुचि दिखाते हैं।
आवेदन में यह भी गंभीर आरोप लगाया गया है कि पंचायत सचिव मनमानी रवैया अपनाते हुए अपने कर्तव्यों से लगातार बचते रहे हैं। सचिव अधिकांश समय मुख्यालय से बाहर रहते हैं, जिससे पंचायत सचिवालय समय पर नहीं खुलता। परिणामस्वरूप ग्रामीणों को जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र सहित अन्य जरूरी कार्यों के लिए कई-कई दिनों तक पंचायत के चक्कर काटने पड़ते हैं।
सरपंच महंतीनबाई का कहना है कि सचिव का व्यवहार अत्यंत अड़ियल और असहयोगात्मक है। पंचायत के विकास कार्यों में सचिव की उदासीनता के कारण योजनाएं कागजों तक सीमित रह जा रही हैं और जमीनी स्तर पर ग्रामीणों को उनका लाभ नहीं मिल पा रहा है। इससे पंचायत का पूरा सिस्टम प्रभावित हो रहा है।
सरपंच ने अपने आवेदन में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया है कि सचिव और उनके बीच किसी प्रकार का तालमेल नहीं बैठ पा रहा है, जिससे पंचायत संचालन में लगातार बाधाएं आ रही हैं और वे मानसिक रूप से भी परेशान हैं।
सरपंच ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी से मांग की है कि ग्राम पंचायत घानाघाट के हित को ध्यान में रखते हुए पंचायत सचिव हेमंत सिंह ध्रुव का तत्काल अन्यत्र स्थानांतरण किया जाए, ताकि पंचायत में प्रशासनिक व्यवस्था सुधर सके और ग्रामीणों को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।
अब यह देखना बेहद महत्वपूर्ण होगा कि जनपद पंचायत प्रशासन इस गंभीर शिकायत पर कब और क्या कार्रवाई करता है, क्योंकि मामला सीधे जनता की सुविधा, पंचायत के विकास और शासन की योजनाओं की साख से जुड़ा हुआ है।



