Home छत्तीसगढ़ मुंगेली पुलिस को मिले सख्त निर्देश, आईजी ने किया जिले का व्यापक...

मुंगेली पुलिस को मिले सख्त निर्देश, आईजी ने किया जिले का व्यापक निरीक्षण

0

मुंगेली जिला से हरजीत भास्कर की रिपोर्ट

 

Ro.No - 13672/156

 

= आईजी रामगोपाल गर्ग के मुंगेली प्रवास में पुलिसिंग सुधार पर फोकस, सशक्त एप से वाहन चोरी मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश

 

मुंगेली।- पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग (भा.पु.से.) द्वारा दिनांक 03 फरवरी 2026 को जिला मुंगेली का प्रथम प्रवास किया गया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय, थाना जरहागांव, सायबर सेल, अपग्रेडेट कंट्रोल रूम, फिंगर प्रिंट शाखा एवं थाना सिटी कोतवाली का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आईजी गर्ग ने अपने प्रवास की शुरुआत थाना जरहागांव के औचक निरीक्षण से की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना रजिस्टरों की जांच की और थाना प्रभारी, विवेचकों एवं मुहर्रिर को निगरानी बदमाशों व गुण्डा बदमाशों की नियमित चेकिंग कर रोजनामचा में स्पष्ट उल्लेख करने, थाना परिसर की साफ-सफाई बनाए रखने, रजिस्टर अद्यतन रखने तथा सीसीटीएनएस एवं सायबर पोर्टल में प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात पुलिस महानिरीक्षक द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय मुंगेली में नवनिर्मित प्रशिक्षण भवन का लोकार्पण किया गया। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय के संवाद सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिला कलेक्टर कुंदन कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कोर छाबड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मयंक तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

समीक्षा बैठक में दिए गए प्रमुख निर्देश:

आईजी रामगोपाल गर्ग ने बैठक में जिले की कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने हेतु कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जोर दिया, जिनमें प्रमुख रूप से—

सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर कम करने के लिए प्रभावी कार्यवाही,

अपराध की रोकथाम में सायबर तकनीक का अधिक से अधिक उपयोग,

बीट प्रणाली के माध्यम से आम नागरिकों से संपर्क कर आसूचना संकलन,

सशक्त एप के माध्यम से चोरी गए वाहनों की पतासाजी,

प्रत्येक थाना-चौकी में “अनुभव” क्यूआर कोड से आम जनता का फीडबैक,

बेसिक पुलिसिंग पर विशेष फोकस शामिल रहा।

आईजी ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को नियमित गश्त व पेट्रोलिंग करने, आदतन अपराधियों पर सतत निगरानी रखने, रात्रि में संदिग्ध व्यक्तियों की जांच करने तथा असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही गंभीर मामलों में स्वयं विवेचना कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

 

👉 सशक्त एप पर विशेष जोर,

 

मीटिंग के दौरान पुलिस महानिरीक्षक ने “सशक्त एप्लीकेशन” के उपयोग की जानकारी देते हुए बताया कि इस एप के माध्यम से लावारिस वाहनों की पहचान, चोरी गए मोटरसाइकिल एवं कार की बरामदगी संभव हो सकेगी। उन्होंने संपत्ति संबंधी अपराधों, विशेषकर चोरी, लूट व वाहन चोरी के मामलों में शीघ्र आरोपी गिरफ्तारी एवं मशरूका बरामदगी के निर्देश दिए। सशक्त एप के माध्यम से जिले में 05 मोटरसाइकिल की सफल बरामदगी पर उन्होंने मुंगेली पुलिस को बधाई भी दी।

 

👉 सायबर सेल और कंट्रोल रूम का निरीक्षण,

 

मीटिंग पश्चात आईजी द्वारा सायबर सेल का भ्रमण किया गया। उन्होंने NCCRP पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों को लंबित न रखने, म्यूल बैंक खातों एवं फर्जी सिम जारी करने वाले एजेंटों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही CEIR पोर्टल से गुम मोबाइल फोन की रिकवरी कर आम नागरिकों को वापस दिलाने तथा स्कूल-कॉलेजों में सायबर जागरूकता कार्यक्रम चलाने पर जोर दिया।

इसके अलावा आईजी ने अपग्रेडेट कंट्रोल रूम, हाईटेक कैमरा सिस्टम एवं फिंगर प्रिंट शाखा का भी निरीक्षण किया। उत्कृष्ट कार्य के लिए फिंगर प्रिंट स्टाफ को नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

आईजी रामगोपाल गर्ग के इस दौरे से मुंगेली जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। अधिकारियों को मिले स्पष्ट निर्देशों से आने वाले समय में अपराध नियंत्रण और आम जनता को बेहतर पुलिस सेवा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here