An evening in the name of martyrs: A grand event in Khogapani, Renuka Singh’s inspiring speech enthralled the audience.
एमसीबी।नगर पंचायत खोगापानी में दिनांक 4 फरवरी को “एक शाम शहीदों के नाम” कार्यक्रम के अंतर्गत एक भव्य एवं रंगारंग सांस्कृतिक आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन नगर के पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष धीरेन्द्र विश्वकर्मा के नेतृत्व एवं देखरेख में किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भारत सरकार की पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भरतपुर–सोनहत की लोकप्रिय विधायक श्रीमती रेणुका सिंह रहीं।
कार्यक्रम में नगर पंचायत खोगापानी के शासकीय एवं निजी विद्यालयों सहित कुल 12 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने एकल एवं सामूहिक नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभक्ति, संस्कृति एवं कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर आयोजनकर्ता धीरेन्द्र विश्वकर्मा द्वारा नगर के मेधावी छात्र-छात्राओं, पुलिस एवं रेलवे में चयनित नवयुवकों, देश की सुरक्षा में सेवाएं दे रहे जवानों, शिक्षकों, मितानिन बहनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वच्छता कर्मियों, पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा समाजहित में उल्लेखनीय कार्य करने वाले नागरिकों को एक ही मंच से पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं विधायक श्रीमती रेणुका सिंह के कर कमलों से स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
शहीदों को स्मरण करना हम सभी का नैतिक दायित्व – रेणुका सिंह
सम्मान समारोह के पश्चात मुख्य अतिथि श्रीमती रेणुका सिंह ने अपने विस्तृत, भावनात्मक एवं प्रेरक उद्बोधन में कहा कि
“शहीदों के नाम पर आयोजित यह कार्यक्रम केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी कृतज्ञता और सम्मान का जीवंत उदाहरण है। जिन वीर सपूतों ने देश की रक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, उनके बलिदान को स्मरण करना हम सभी का नैतिक दायित्व है।”
उन्होंने आगे कहा कि
“आज इस मंच पर विद्यार्थियों, शिक्षकों, जवानों, कर्मियों और समाजसेवियों को एक साथ सम्मानित किया जाना समाज को जोड़ने वाला अत्यंत सराहनीय प्रयास है। ऐसे आयोजनों से आपसी समरसता, सामाजिक एकता और सकारात्मक सोच का विकास होता है।”
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए श्रीमती सिंह ने कहा कि
“देशभक्ति केवल मंच पर प्रस्तुतियों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उसे अपने आचरण, कर्तव्य और सेवा भाव में उतारना चाहिए। आज की युवा पीढ़ी ही सशक्त और विकसित भारत की मजबूत नींव है।”
उन्होंने कहा कि
“शहीदों की स्मृति में आयोजित ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को राष्ट्रसेवा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की प्रेरणा देते हैं। खोगापानी में हुआ यह आयोजन निश्चित ही अन्य नगरों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।”
अंत में उन्होंने इस सफल, अनुशासित एवं प्रेरणादायी आयोजन के लिए आयोजनकर्ता धीरेन्द्र विश्वकर्मा, आयोजन समिति एवं नगरवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का सफल, सुसंगठित एवं गरिमामय मंच संचालन चंदन केवट द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से मनेंद्रगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव, लेदरी नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राणा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष संजय राय, जिला महामंत्री आशीष मजुमदार, जिला प्रवक्ता जमुना पाण्डेय, हसदेव मंडल महामंत्री भगवान दास, जितेंद्र प्रताप सिंह, किसान मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य संतोष द्विवेदी, पार्षदगणों के साथ माही सेन गुप्ता, सरिता श्रीवास्तव, रमा अधिकारी, अर्चना उर्मलिया, वंदना विश्वकर्मा, शमा खान, अंजली विश्वकर्मा, बीना वैष्णव, बालमुकुंद, चंदन सिंह, अजीत बड़ात्या, सत्यम शुक्ला, सनी कुर्रे, राज दिवान, साधना केवट एवं लीलावती सहित हजारों की संख्या में नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



