All gazetted and non-gazetted officers have been instructed to be compulsorily present at the headquarters every Tuesday and Wednesday; the deadline meeting will now be held on Monday.
* खंडहर हो चुके भवनों को तोड़वाने के निर्देश*कंडम वाहनों की होगी नीलामी
उत्तर बस्तर कांकेर, 09 फरवरी 2026/ कलेक्टर श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने राज्य शासन के दिए गए निर्देशों के परिपालन में सभी राजपत्रित एवं अराजपत्रित अधिकारियों को प्रत्येक मंगलवार एवं बुधवार को अनिवार्य रूप से मुख्यालय में उपस्थित रहने के लिए निर्देशित किया है। प्रत्येक सप्ताह आयोजित होने वाले समय-सीमा की बैठक अब सोमवार को आयोजित की जाएगी। कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने सोमवार को आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री जनदर्शन पोर्टल के साथ ही कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की समीक्षा करते हुए कहा कि राज्य शासन द्वारा दिए निर्देशों के अनुसार जिले के सभी राजपत्रित एवं अराजपत्रित अधिकारी मंगलवार व बुधवार को मुख्यालय में रहकर शासकीय कामकाज को संचालित करें।
कलेक्टर द्वारा विभिन्न विभागों के कंडम वाहनों को आरटीओ के माध्यम से नीलामी कराने तथा खंडहर हो चुके शासकीय भवनों को विधिवत अनुमति प्राप्त कर तोड़वाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया है। शत-प्रतिशत छोटे बच्चों का जन्म प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए कहा गया। पीएम सूर्य घर निःशुल्क बिजली योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक प्रकरण बनवाने, ई-ऑफिस के माध्यम से शासकीय कार्यों का संपादन, शेष विद्युत देयकों को मार्च तक भुगतान करने और सभी स्वीकृत कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने के लिए कलेक्टर द्वारा निर्देशित किया गया। समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों की प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा करते हुए शीघ्र निराकृत करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुमार कुर्रे एवं ए.एस. पैकरा, सभी एसडीएम, जिला अधिकारी एवं नगरीय निकायों के अधिकारी मौजूद थे।



