उत्तर बस्तर कांकेर, 09 फरवरी 2026/ स्वच्छता संक्रमण नियंत्रण एवं बेहतर प्रबंधन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित आयुष कायाकल्प प्रोग्राम के अंतर्गत आयुष विभाग संचालनालय रायपुर द्वारा कांकेर के चार आयुष केंद्रों को पुरस्कृत किया गया है। चयनित संस्थाओं में स्पेशलाइज्ड थेरेपी सेंटर भानुप्रतापपुर को प्रथम पुरस्कार 01 लाख 25 हजार रूपए प्रभारी डॉ. गोल्डी लांजेवार, आयुष केंद्र कोटतरा को द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रूपए प्रभारी डॉ. धमेन्द्र सिंह ठाकुर, आयुष्मान आरोग्य मंदिर संबलपुर को द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रूपए डॉ. कुसुम ठाकुर तथा शासकीय आयुर्वेद औषधालय तरहुल को तृतीय पुरस्कार 25 हजार रूपए से पुरस्कृत किया गया, इस औषधालय के प्रभारी डॉ. प्रवीण सामल हैं। पुरस्कार से प्राप्त राशि का उपयोग अस्पतालों के मूलभूत ढांचे और मरीजों की सुविधाओं को विस्तार देने के लिए किया जाएगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला आयुर्वेद अधिकारी ने बताया कि गत दिवस राजधानी रायपुर में आयोजित कार्यक्रम उक्त पुरस्कारो से जिले के आयुष स्वास्थ्य केंद्रों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल थे। इस अवसर पर प्रदेश के स्वास्थ्य सचिव श्री अमित कटारिया, संचालक आयुष संतन देवी जांगड़े, संयुक्त संचालक डॉक्टर सुनील दास, उपसंचालक डॉ. ए. सी. किरण तिग्गा उपस्थित रहे। जिले के कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने आज आयुष केंद्रों को राज्य स्तर से पुरस्कार प्राप्त होने पर संबंधित आयुष औषधालय के सभी चिकित्सकों को बधाई देते हुए भविष्य में इसी तरह से कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।



