मुंगेली जिला से हरजीत भास्कर की रिपोर्ट
मुंगेली/छत्तीसगढ़: मुंगेली जिले में पुलिस ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना में दिवंगत हुए थाना पथरिया में पदस्थ आरक्षक राकेश डहरिया के परिजनों को राज्य शासन की पुलिस सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत ₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) ने दिवंगत आरक्षक की धर्मपत्नी नागेश्वरी डहरिया को भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा बड़ाबाजार, मुंगेली में चेक सौंपकर परिवार को सांत्वना दी और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
ज्ञात हो कि आरक्षक राकेश डहरिया का दिनांक 24 जून 2025 को ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन हो गया था। इस दुखद घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई थी। विभाग ने अपने कर्तव्यनिष्ठ और साहसी जवान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवार को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने हेतु शासन की पुलिस सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत ₹1 करोड़ की सहायता राशि स्वीकृत कर प्रदान की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने सहायता राशि प्रदान करते हुए कहा कि दिवंगत आरक्षक राकेश डहरिया एक अनुशासित, कर्तव्यपरायण एवं समर्पित पुलिसकर्मी थे, जिनका आकस्मिक निधन विभाग के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस परिवार इस दुख की घड़ी में दिवंगत आरक्षक के परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है और आश्रितों को अनुकम्पा नियुक्ति सहित अन्य शासकीय लाभ शीघ्र दिलाने की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस सैलरी पैकेज योजना का मुख्य उद्देश्य ड्यूटी के दौरान आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों के आश्रित परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और उनका भविष्य सुरक्षित रह सके।
इस अवसर पर बैंक प्रबंधन की ओर से मुख्य शाखा बड़ाबाजार, मुंगेली के शाखा प्रबंधक राहुल रंजन सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार पुलिस सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत शहीद अथवा आकस्मिक निधन की स्थिति में आश्रित परिवारों को निर्धारित आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इसी क्रम में दिवंगत आरक्षक राकेश डहरिया के परिवार को ₹1 करोड़ की सहायता राशि चेक के माध्यम से प्रदान की गई है।
शासकीय प्रावधानों के अनुसार दिवंगत आरक्षक के आश्रितों को अन्य देय लाभ, अनुग्रह राशि, जीपीएफ, ग्रेच्युटी एवं अनुकम्पा नियुक्ति की प्रक्रिया भी प्रचलन में है। सहायता राशि प्राप्त होने पर दिवंगत आरक्षक की धर्मपत्नी नागेश्वरी डहरिया ने भावुक होकर शासन, पुलिस प्रशासन एवं बैंक प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस पूरी प्रक्रिया में निरीक्षक (एम) मदनलाल शुक्ला, उप निरीक्षक अमन कश्यप, प्रधान आरक्षक वेदसिंह सोन्ड्रे एवं बैंक प्रबंधन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। यह सहायता न केवल दिवंगत जवान के परिवार के लिए आर्थिक संबल है, बल्कि पुलिस विभाग द्वारा अपने कर्मियों और उनके परिवारों के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का भी प्रतीक है।



