Home Blog मनरेगा सहित विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस का कलेक्ट्रेट घेराव, जनहित में...

मनरेगा सहित विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस का कलेक्ट्रेट घेराव, जनहित में आंदोलन तेज करने की चेतावनी

0

मुंगेली जिला से हरजीत भास्कर की रिपोर्ट

मुंगेली। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के जिला संगठन द्वारा मनरेगा सहित बिजली, पेयजल, सड़क, आवास, पेंशन एवं रजिस्ट्री से जुड़ी समस्याओं को लेकर गुरुवार 19 फरवरी 2026 को मुंगेली कलेक्ट्रेट का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया गया। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष घनश्याम वर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए और प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर त्वरित समाधान की मांग की।
यह प्रदर्शन प्रदेशव्यापी आंदोलन का हिस्सा है, जो 12 जनवरी से शुरू होकर 26 फरवरी तक जारी रहेगा। यह आंदोलन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशानुसार आयोजित किया जा रहा है, जिसमें ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता सरकार और प्रशासन का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं।

Ro.No - 13672/156

👉मनरेगा के स्वरूप में बदलाव पर जताई चिंता,
प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) ग्रामीण गरीबों और मजदूरों के लिए जीवनरेखा के समान है। उन्होंने आरोप लगाया कि योजना के नाम और नियमों में किए जा रहे संभावित बदलाव से इसके मूल उद्देश्य और भावना प्रभावित हो सकती है।
उन्होंने कहा कि जिले में पहले से ही मजदूरों को समय पर रोजगार नहीं मिल पा रहा है और मजदूरी भुगतान में भारी देरी हो रही है। कई ग्राम पंचायतों में मांग के अनुरूप कार्य स्वीकृत नहीं किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण परिवारों की आजीविका प्रभावित हो रही है। कांग्रेस ने मांग की कि मनरेगा के मूल स्वरूप को बरकरार रखते हुए सभी पात्र हितग्राहियों को 100 दिनों का रोजगार सुनिश्चित किया जाए तथा लंबित भुगतान तत्काल किया जाए।

👉रजिस्ट्री शुल्क वृद्धि और नक्शा नियमों पर आपत्ति,
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष हेमेंद्र गोस्वामी ने कहा कि सरकार द्वारा रजिस्ट्री शुल्क बढ़ाने की तैयारी आम नागरिकों के लिए जमीन खरीदना कठिन बना देगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जिले में लागू किए गए नजरिया नक्शा संबंधी नियम पूरे प्रदेश में कहीं लागू नहीं हैं, जिससे आम लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

👉बिजली व्यवस्था बदहाल, किसान और आमजन प्रभावित,
कांग्रेस नेता संजीत बनर्जी ने जिले की बिजली व्यवस्था को अत्यंत खराब बताते हुए कहा कि अघोषित बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और खराब ट्रांसफार्मरों के कारण किसान और आम नागरिक गंभीर रूप से प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सिंचाई कार्य बाधित होने से किसानों की फसलें प्रभावित हो रही हैं और कई गांवों में महीनों से ट्रांसफार्मर खराब पड़े हैं।
उन्होंने प्रशासन से विद्युत आपूर्ति को नियमित करने और खराब ट्रांसफार्मरों की तत्काल मरम्मत या बदलाव की मांग की।

👉पेयजल संकट ने बढ़ाई ग्रामीणों की परेशानी,
ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट को लेकर भी कांग्रेस नेताओं ने चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि अनेक हैंडपंप खराब पड़े हैं, नल-जल योजनाएं बंद हैं और टैंकर व्यवस्था भी पर्याप्त नहीं है। गर्मी का मौसम शुरू होने से पहले ही जल संकट की स्थिति गंभीर हो चुकी है।
कांग्रेस ने मांग की कि सभी खराब हैंडपंपों की तत्काल मरम्मत की जाए, नई बोरिंग स्वीकृत की जाए और नल-जल योजनाओं को नियमित रूप से संचालित किया जाए।

👉घटिया सड़क निर्माण पर जांच की मांग,
थानेश्वर साहू ने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाई गई सड़कों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई सड़कें निर्माण के कुछ ही समय बाद उखड़ने लगी हैं और गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। इससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है और आवागमन में भारी परेशानी हो रही है।
उन्होंने इन सड़कों की उच्च स्तरीय जांच कर दोषी ठेकेदारों और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण की मांग की।

👉जनहित में आंदोलन तेज करने की चेतावनी,
कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से सभी समस्याओं पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी जनहित में व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
👉बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे उपस्थित,
इस अवसर पर विजय केशरवानी, संजीत बनर्जी, थानेश्वर साहू, हेमेंद्र गोस्वामी, रोहित शुक्ला, दीपक गुप्ता, चुरावन मंगेशकर, चंद्रभान बारमते, दिलीप बंजारा, स्वतंत्र मिश्रा, संजय यादव, सागर सोलंकी, लक्ष्मीकांत भास्कर, अरविंद वैष्णव, रणजीत सिंह, आनंद सोनी, नौसाद खान, जित्तू श्रीवास्तव, याक़ूब अली, इंद्रजीत कुर्रे, संजय चंदेल, जलेश यादव, जागेश्वरी वर्मा, विद्यानंद चंद्राकर, उर्मिला यादव, मंजू शर्मा, ललिता सोनी, निधि ठाकुर, साधना वर्मा, हेमिन मंगेशकर सहित शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
यह प्रदर्शन छत्तीसगढ़ में मनरेगा एवं जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर बढ़ते असंतोष का संकेत माना जा रहा है। कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि आम जनता के अधिकारों और सुविधाओं के लिए उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here