Home Blog बीजापुर में सीपीआई ने 13 सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन, तेंदूपत्ता...

बीजापुर में सीपीआई ने 13 सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन, तेंदूपत्ता मजदूरों के भुगतान की उठाई मांग

0

बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) जिला परिषद बीजापुर और भारतीय किसान यूनियन ने सोमवार को 13 सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर बीजापुर को ज्ञापन सौंपा। पार्टी नेताओं ने कहा कि जिले की आम जनता लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं और अधिकारों से वंचित है, इसलिए इन मांगों पर जल्द कार्रवाई की जानी चाहिए।
सीपीआई जिला सचिव कमलेश झाड़ी ने बताया कि बीजापुर जिला अतिपिछड़ा और संवेदनशील क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में लोगों के पास आवश्यक सरकारी दस्तावेज नहीं हैं और कई ग्रामीणों के बैंक खाते भी नहीं हैं। साथ ही गांवों से बैंक की दूरी अधिक होने के कारण लोगों को तेंदूपत्ता संग्रहण के भुगतान में काफी परेशानी होती है। ऐसे में पार्टी ने सरकार से मांग की है कि तेंदूपत्ता संग्रहण सीजन 2026 का भुगतान नगद किया जाए ताकि अंदरूनी क्षेत्रों के ग्रामीणों को सुविधा मिल सके।

इसके साथ ही सीपीआई ने पिछले तीन वर्षों से लंबित तेंदूपत्ता बोनस राशि को तत्काल हितग्राहियों को वितरित करने की मांग भी उठाई। ज्ञापन में जिला अस्पताल बीजापुर में सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने, पोटाकेबिन छात्रावासों में एसटी, एससी और ओबीसी बच्चों के साथ होने वाले शोषण को रोकने तथा उन्हें शासन की सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग की गई। पार्टी ने बस्तर संभाग में पेसा कानून को प्रभावी ढंग से लागू कर ग्रामसभा को पूर्ण अधिकार देने तथा क्षेत्र में मिलने वाली वनोपज जैसे टोरा, महुआ, आम, चिरौंजी, इमली और काजू को सरकार द्वारा समर्थन मूल्य पर खरीदने की मांग रखी। इसके अलावा तेंदूपत्ता की वर्तमान दर 5.50 रुपये से बढ़ाकर 8 रुपये प्रति गड्डी करने की मांग भी की गई। सीपीआई और भारतीय किसान यूनियन के नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इन मांगों पर जल्द अमल नहीं किया गया तो आम जनता की समस्याओं को लेकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। इस दौरान सीपीआई जिला परिषद के सचिव कमलेश झाड़ी, सह सचिव राजू तेलाम, जेम्स कुड़ियाम, भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष संभैया धनुर, मधु बघेल, कोवा राम हेमला, आयतू तेलाम, मंगू, रिंकू, सुरेश, संजय झाड़ी, नूतन तेलाम, सुकलू तेलाम सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Ro.No - 13672/156

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here