Home Blog नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन हेतु समय-अनुसूची जारी

नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन हेतु समय-अनुसूची जारी

0

सरपंच के 17, पंच के 320 तथा वार्ड पार्षद के 01 पद के लिए होगा उप निर्वाचन
उत्तर बस्तर कांकेर, 12 मार्च 2026/ छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के उप निर्वाचन 2026 कराए जाने हेतु फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली तैयार करने के लिए कार्यक्रम (समय-अनुसूची) आदेश जारी किया गया है। जारी समय-अनुसूची के अनुसार निर्वाचक नामावली तैयार करने के लिए प्रथम चरण में आगामी 23 मार्च से 09 अप्रैल तक तथा द्वितीय चरण में 13 अप्रैल से 5 मई तक की तिथि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित की गई है। निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 5 मई 2026 को किया जाएगा। त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन के तहत जिले में सरपंच के 17, पंच के 320 एवं नगरीय उप निर्वाचन के अंतर्गत नगर पंचायत चारामा में वार्ड पार्षद के 01 पद के लिए निर्वाचन सम्पन्न किया जाएगा।
अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जितेन्द्र कुमार कुर्रे ने बताया कि जारी कार्यक्रम के अनुसार त्रिस्तरीय पंचायत एवं नगरीय निकाय उप निर्वाचन के प्रथम चरण में रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की नियुक्ति एवं प्रारंभिक प्रारूप निर्वाचक नामावली तैयार करने हेतु कर्मचारियों का चयन एवं नियुक्ति 23 मार्च सोमवार तक की जाएगी। इसी प्रकार 24 मार्च मंगलवार को निर्वाचक नामावली तैयार करने हेतु रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं प्राधिकृत कर्मचारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा तथा अद्यतन निर्वाचक नामावली जिला निर्वाचन कार्यालय से बुधवार 25 मार्च तक प्राप्त की जाएगी। 27 मार्च शुक्रवार तक विधानसभा की निर्वाचक नामावली वार्डवार पृथक कर रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा सोमवार 30 मार्च को प्रचलित परिसीमन के आधार पर रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा निर्वाचक नामावली को वार्डवार एवं भागवार मार्किंग की जाएगी। वार्डवार एवं भागवार चिन्हित निर्वाचकों को सॉफ्टवेयर के माध्यम से दर्शित वार्ड के संबंधित भाग के अनुभाग में 02 अपै्रल गुरूवार तक शिफ्ट किया जाएगा। निर्वाचक नामावली की चेकलिस्ट पीडीएफ मंगलवार 07 अप्रैल तक तैयार किया जाएगा। बुधवार 08 अप्रैल तक चेकलिस्ट पीडीएफ की जांच एवं त्रुटि सुधार करना तथा चेकलिस्ट संशोधन पश्चात प्रारूप निर्वाचक नामावली की मुद्रण हेतु जिला निर्वाचन कार्यालय को प्रदाय किया जाएगा, जबकि जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा निर्वाचक नामावली का मुद्रण कर रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को 09 अप्रैल गुरूवार को उपलब्ध कराई जाएगी।
इसी प्रकार कार्यक्रम के द्वितीय चरण में सोमवार 13 अप्रैल से निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन एवं दावे तथा आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी और मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों को निर्वाचक नामावली उपलब्ध कराई जाएगी। दावे-आपत्तियां प्राप्त करने की अंतिम तिथि 20 अप्रैल अपरान्ह 03 बजे तक तथा उनके निपटारे 23 अप्रैल गुरूवार तक किए जाएंगे। इसी प्रकार प्ररूप क-1 में रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को दावा प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 24 अप्रैल शुक्रवार तक निर्धारित की गई है तथा प्राप्त दावा का निराकरण 27 अप्रैल सोमवार तक किया जाएगा, जिनका निराकरण आदेश परित होने के 05 दिवस के भीतर किया जाएगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 29 अप्रैल बुधवार तक परिवर्धन, संशोधन एवं विलोपन के प्रकरणों की प्रविष्टि सॉफ्टवेयर में किया जाएगा तथा चेकलिस्ट का निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा जांच एवं पीडीएफ मुद्रण हेतु 2 मई तक जिला कार्यालय को सौंपा जाएगा। उन्हांने बताया कि 4 मई सोमवार तक अनुपूरक सूची का मुद्रण कराने और अनुपूरक सूची को मूल सूची के साथ संलग्न किया जाएगा। तत्पश्चात निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 5 मई 2026 को किया जाएगा। इस संबंध में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अनुविभागीय अधिकारी तहसीलदार, मुख्य नगरपालिका अधिकारी तथा संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को पत्र जारी कर आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावली तैयार करने एवं पुनरीक्षण करने के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here