उत्तर बस्तर कांकेर, 12 मार्च 2026/ कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार समग्र शिक्षा के अंतर्गत निपुण भारत मिशन के तहत कक्षा पहली से तीसरी तक के विद्यार्थियों की बुनियादी साक्षरता एवं गणितीय दक्षताओं के आंकलन के लिए अंतरसंकुल फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी मूल्यांकन की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। यह मूल्यांकन जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में सभी विकासखण्डों में निर्धारित तिथियों के अनुसार आयोजित किया जा रहा है। इस संबंध में बताया गया कि जिले के कुल 243 संकुलों में यह मूल्यांकन कार्य किया जा रहा है। प्रत्येक संकुल में प्राचार्य सहित चार आंकलनकर्ता, दो पीएलसी सदस्य और एक एफएलएन मेंटर की टीम बनाई गई है। इस प्रकार जिले में कुल 1458 आंकलनकर्ताओं की सहभागिता से यह व्यापक शैक्षणिक गतिविधि संचालित की जा रही है। मूल्यांकन के अंतर्गत कक्षा पहली से तीसरी तक अध्ययनरत लगभग 24,542 छात्र-छात्राओं की पठन, लेखन और गणितीय दक्षताओं का गतिविधि आधारित तरीके से परीक्षण किया जा रहा है। आंकलनकर्ता दल विद्यालयों का भ्रमण कर विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता का परीक्षण कर रहे हैं और उनके द्वारा प्राप्त परिणामों को निर्धारित प्रपत्रों में संकलित किया जा रहा है। इन आंकड़ों का विश्लेषण विद्यालय, संकुल और विकासखण्ड स्तर पर किया जाएगा तथा आवश्यकतानुसार शिक्षकों को शैक्षणिक मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान किया जाएगा।



