बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला –
जिले के दुगौली स्थित 214वीं वाहिनी Central Reserve Police Force (सीआरपीएफ) कैम्प में वाहिनी का 16वां स्थापना दिवस उत्साह और गरिमामय माहौल में मनाया गया। यह कार्यक्रम कमांडेंट K. D. Joshi के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ, जिसमें अधिकारियों और जवानों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
स्थापना दिवस की शुरुआत शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। कमांडेंट के. डी. जोशी ने शहीद जवानों को पुष्पचक्र अर्पित कर देश की रक्षा में दिए गए उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। इसके बाद वाहिनी के सभी कार्मिकों ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर सेरिमोनियल गार्ड द्वारा क्वार्टर गार्ड पर कमांडेंट को सलामी दी गई। स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में सैनिक सम्मेलन का आयोजन भी किया गया, जिसमें कमांडेंट ने अधिकारियों और जवानों को संबोधित करते हुए बल की परंपराओं, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान खेल गतिविधियों के तहत कैम्प परिसर में वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें मुख्यालय की टीम विजेता रही। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
शाम को आयोजित सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम में “विविधता में एकता” की थीम पर रंगारंग प्रस्तुतियां दी गईं। इस दौरान भांगड़ा और आदिवासी नृत्य आकर्षण का केंद्र रहे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस उपमहानिरीक्षक परिचालन रेंज बीजापुर B. S. Negi उपस्थित रहे। उनके साथ विभिन्न बटालियनों के कमांडेंट और अधिकारी भी शामिल हुए।
अंत में मुख्य अतिथि ने बटालियन के सभी अधिकारियों और जवानों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा बटालियन की परिचालन और प्रशासनिक उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने जवानों के साथ सामूहिक नृत्य कर कार्यक्रम को और भी सौहार्दपूर्ण बना दिया।



