बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – जिले में किशोरियों को गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन टीकाकरण अभियान सोमवार से शुरू किया गया। यह अभियान भारत सरकार की महत्वपूर्ण स्वास्थ्य पहल के तहत चलाया जा रहा है, जिसमें पात्र किशोरियों को निःशुल्क टीका लगाया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार इस अभियान का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ प्रधानमंत्री द्वारा 28 फरवरी को किया गया था। उसी क्रम में अब जिले में भी टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक अभियान के तहत 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी तथा 15 वर्ष से कम आयु की किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई जाएगी। यह टीका भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से बचाव में प्रभावी माना जाता है।
टीकाकरण के लिए किशोरियों को आयु प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा, जिसके लिए आधार कार्ड या अन्य मान्य पहचान पत्र स्वीकार किए जाएंगे। यदि किसी के पास पहचान पत्र उपलब्ध नहीं है तो अभिभावक द्वारा हस्ताक्षरित घोषणा पत्र के आधार पर भी टीकाकरण कराया जा सकेगा।
टीका लगाने के बाद सभी लाभार्थियों को 30 मिनट तक निगरानी में रखा जाएगा ताकि किसी प्रकार की परेशानी होने पर तुरंत उपचार दिया जा सके। साथ ही टीकाकरण से जुड़ी पूरी जानकारी यू-विन पोर्टल पर दर्ज की जाएगी, जिससे लाभार्थियों को डिजिटल प्रमाण पत्र भी उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान की जानकारी अधिक से अधिक किशोरियों और उनके अभिभावकों तक पहुंचाएं, ताकि सभी पात्र किशोरियां इस टीकाकरण का लाभ लेकर गंभीर बीमारी से सुरक्षित रह सकें।



