Home छत्तीसगढ़ बंद पड़े तेंदूपत्ता फड़ों को पुनः खोलने की मांग, भैरमगढ़ ब्लॉक कांग्रेस...

बंद पड़े तेंदूपत्ता फड़ों को पुनः खोलने की मांग, भैरमगढ़ ब्लॉक कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

0

 

 

Ro.No - 13672/156

 

बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला –

बीजापुर जिले के भैरमगढ़ विकासखंड में बंद पड़े तेंदूपत्ता फड़ों को पुनः खोलने की मांग को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भैरमगढ़ ने मुख्यमंत्री के नाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) भैरमगढ़ को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि तेंदूपत्ता फड़ बंद होने से क्षेत्र के आदिवासी और ग्रामीण परिवारों की आजीविका पर गंभीर प्रभाव पड़ रहा है।

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि भैरमगढ़ क्षेत्र के कई तेंदूपत्ता संग्रहण केंद्र पिछले कई वर्षों से बंद पड़े हैं। क्षेत्र के अधिकांश गरीब ग्रामीण और आदिवासी परिवार तेंदूपत्ता संग्रहण के साथ-साथ महुआ, टोरा, इमली और हरा चिरौंजी जैसी लघु वनोपज एकत्र कर अपनी आजीविका चलाते हैं। ऐसे में तेंदूपत्ता फड़ बंद होने से ग्रामीणों की आय का प्रमुख स्रोत प्रभावित हो रहा है।

ज्ञापन में विशेष रूप से टिंडोली समिति के अंतर्गत आने वाले गांवों—विरियामूमि, डालेर, हिंगुम, आड़वाड़ा, जारामोनिया, गुडरा, किसकल, कोलनार और जपील—में तेंदूपत्ता फड़ बंद होने से ग्रामीणों को हो रहे आर्थिक नुकसान का उल्लेख किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि फड़ बंद होने के कारण वे तेंदूपत्ता तोड़कर बेच नहीं पा रहे हैं।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने ज्ञापन के माध्यम से सरकार से चार प्रमुख मांगें रखीं—बंद पड़े तेंदूपत्ता फड़ों को तत्काल पुनः शुरू किया जाए, टिंडोली समिति क्षेत्र में तेंदूपत्ता की खरीदी प्रारंभ की जाए, तेंदूपत्ता संग्रहण व्यवस्था को ठेकेदारी प्रणाली से संचालित किया जाए तथा महुआ, टोरा और इमली जैसी लघु वनोपज के समर्थन मूल्य में वृद्धि की जाए।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बंद पड़े तेंदूपत्ता फड़ पुनः शुरू नहीं किए गए, तो आने वाले दिनों में इस मुद्दे को लेकर आंदोलन किया जाएगा।

इस दौरान जिला पंचायत सदस्य लच्छूराम मोडियाम, जिला कांग्रेस महामंत्री सुखदेव नाग, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नकुल सिंह ठाकुर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य पार्वती कश्यप, ब्लॉक कांग्रेस महामंत्री जगदेव यादव, युवा कांग्रेस अध्यक्ष रतन कश्यप, जनपद सदस्य नीलो लेकाम, चमेली भोगाम, नगर पंचायत अध्यक्ष सुखमति मांझी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here