बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – शासकीय आदर्श आवासीय कन्या महाविद्यालय, बीजापुर में बी.ए., बी.एससी. एवं बी.कॉम. अंतिम वर्ष की छात्राओं के सम्मान में 13 मार्च 2026 को भव्य फेयरवेल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम उत्साह, भावनात्मक माहौल और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं महाविद्यालय के नोडल अधिकारी ललित सिंह ठाकुर द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कनिष्ठ छात्राओं ने वरिष्ठ छात्राओं के सम्मान में गीत, नृत्य, कविता पाठ और मनोरंजक प्रस्तुतियां दीं, जिसने सभी का मन मोह लिया। वहीं अंतिम वर्ष की छात्राओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए प्राध्यापकों और सहपाठियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर छात्राओं ने महाविद्यालय को स्मृति स्वरूप दीवार घड़ी भेंट की तथा प्राध्यापकों को उपहार भी प्रदान किए।
महाविद्यालय के प्राचार्य एवं प्राध्यापकगणों ने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए अनुशासन, परिश्रम और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ छात्राओं को स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान कई छात्राएं अपने महाविद्यालयीन यादों को याद कर भावुक हो उठीं। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। यह फेयरवेल समारोह महाविद्यालय परिवार के लिए एक यादगार और भावनात्मक अवसर बन गया।



